
कड़ाके की सर्दी ने बढ़ाई मुश्किलें, बाजार नजर आ रहे बेजार
Agra News - जनपद में कड़ाके की सर्दी और कोहरे से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। न्यूनतम तापमान लगातार छह डिग्री से नीचे बना हुआ है। सुबह और शाम के समय सर्दी के कारण दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। बाजारों में भी सर्द मौसम के कारण रौनक कम है और परिवहन सेवाएं भी बाधित हो रही हैं।
जनपद में लगतार पड़ रही कड़ाके की सर्दी व कोहरे से लोगों की मुश्किल बढ़ा दी है। न्यूनतम तापमान लगातार छह डिग्री से नीचे बना हुआ है। जिसकी वजह से सुबह व शाम के समय सर्दी बढ़ने के कारण लोगों को दिनचर्या प्रभावित हो रही है। दोपहर के समय हल्की धूप निकलने के बाद भी लोगों गलनभरी सर्दी से राहत नहीं मिल रही है। शहर व कस्बों के बाजार सर्द मौसम में बेजार नजर आ रहे हैं। लोग दोपहर के समय जरूरत की वस्तुएं खरीदने के लिए बाजारों में आते हैं। शुक्रवार की सुबह जब लोग सोकर उठे तो उनका सामना गलनभरी सर्दी व कोहरे से हुआ।
गत गुरुवार की शाम से ही कोहरे ने दस्तक दी तो मध्यरात्रि में ही कोहरे की परत घनी होती गई। सुबह व शाम के समय गलनभरी सर्दी से इंसान ही नहीं पशु व पक्षी भी परेशान हो गए हैं। शहर व कस्बों के बाजार में जैसे ही पशु अलाव जलता देखते हैं तो वह भी अलाव के पास आकर खड़े हो जाते हैं। कड़ाके की सर्दी का आलम यह है कि बाजार सुबह देरी से खुल रहे हैं और शाम होते ही दुकानदार अपनी दुकानों को बंद करके चले जा रहे हैं। कोहरे की वजह से परिवहन सेवाएं भी प्रभावित हैं। जंक्शन स्टेशन से गुजरने वाली लंबी दूरी की ट्रेनें देरी से पहुंच रही हैं। परिवहन निगम की बसों में भी लोग रात के समय यात्रा करने से बच रहे हैं। जिसकी वजह से बसों में लोड फैक्टर में कमी आई है। यात्री बसों में दिन के समय ही यात्रा कर रहे हैं। कोहरे वजह से वाहनों की रफ्तार भी थम गई है। हाईवे व सड़कों पर कोहरे में द्रश्यता कम होने के कारण वाहन सड़कों पर रेंगते नजर आते हैं। गुरुवार को भी अधिकतम तापमान कासगंज में 16 डिग्री सेल्सियस रहा। सर्द हवाएं दिनभर लोगों को सर्दी व ठिठुरन का एहसास कराती रहीं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




