
चौपाटी में टॉयलेट उपयोग पर विवाद, पति-पत्नी समेत तीन को पीटा
Agra News - ताजगंज क्षेत्र के चौपाटी में शुक्रवार रात एक फौजी जितेन्द्र सिंह और उनकी पत्नी के साथ मारपीट का मामला सामने आया। शौचालय उपयोग को लेकर स्टाफ से विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपितों ने लाठी-डंडों से हमला किया। पुलिस ने शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।
थाना ताजगंज क्षेत्र स्थित चौपाटी में शुक्रवार रात एक फौजी और उसकी पत्नी के साथ मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि शौचालय की यूज को लेकर वहां के स्टाफ ने उनकी पत्नी से बदसलूकी की। विरोध पर आरोपितों ने एक राय होकर गाली गलौज करते हुए मारपीट कर दी। पीड़ित जितेन्द्र सिंह निवासी बमरौली कटारा की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है। पीड़ित जितेंद्र ने पुलिस को बताया कि वह सैनिक हैं। बाहर तैनात हैं। वह दो जनवरी की रात करीब 8:50 बजे अपनी पत्नी नीशू, बच्चे और साले विपिन के साथ चौपाटी घूमने गया था।
इसी दौरान पत्नी को शौचालय जाने की आवश्यकता पड़ी। शौचालय के उपयोग को लेकर वहां मौजूद स्टाफ से कहासुनी हो गई। आरोप है कि मामूली विवाद के बाद चोपाटी के स्टाफ और कुछ अज्ञात लोगों ने एक राय हो कर लाठी-डंडों और पाइप से उन पर हमला कर दिया। उन्हें और उनकी पत्नी एवं साले के साथ बेरहमी से मारपीट की। बच्चे रोते रहे हैं। मगर आरोपित उन्हें पीटते रहे। भद्दी भद्दी गालियां दी गई । जान से मारने की धमकी देकर आरोपी मौके से फरार हो गए। थाना ताजगंज इंचार्ज जसवीर सिरोही ने बताया कि पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। घायलों का मेडिकल कराया गया है। मामले की जांच को आस पास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। एक टीम आरोपितों की गिरफ्तारी में जुटी है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




