दरोगा के घर में 40 लाख की चोरी, पुलिस को मिला सुराग
Agra News - ट्रांस यमुना कॉलोनी में चोरों ने दरोगा रॉबिन सिंह के किराए के घर में घुसकर 40 लाख रुपये की चोरी की। बदमाशों ने सीसीटीवी कैमरे बंद कर दिए और मकान मालिक के बेटे को बेहोश कर दिया। पुलिस ने आरोपित की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज की मदद ली है और मामले का खुलासा करने के लिए टीमें गठित की हैं।

ट्रांस यमुना कॉलोनी फेस-दो (एत्मादुद्दौला) में चोरों ने दरोगा के किराए के घर को ही निशाना बना डाला। नकाबपोशों बदमाश ने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम देते हुए करीब 40 लाख रुपये की चोरी कर ली। गली में लगे सीसीटीवी कैमरे में एक आरोपित कैद हो गया। एत्मादुद्दौला पुलिस ने दरोगा रॉबिन सिंह की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जल्द खुलासे का दावा किया है। थाना छत्ता की डिवीजन चौकी इंचार्ज दरोगा रॉबिन सिंह पिछले छह माह से बरहन के बुर्ज अतिवल निवासी राजेश त्यागी के ट्रांस यमुना कॉलोनी फेस दो स्थित मकान की दूसरी मंजिल पर किराए पर रह रहे हैं।
घटना के समय वह ड्यूटी पर थे, जबकि उनकी पत्नी प्रसव के बाद मायके में हैं। रविवार तड़के करीब 2:50 बजे बदमाश ने सरिये से मुख्य गेट का ताला तोड़ा। अंदर घुसते ही सीसीटीवी कैमरे बंद कर दिए। आरोप है कि मकान मालिक के बेटे सूरज को भी कुछ नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया गया। सुबह होश आने पर टूटे ताले देख घटना का पता चला। चोर अलमारी से 100 ग्राम से अधिक सोना, दो किलो से ज्यादा चांदी के जेवर और 20 हजार रुपये ले गए। जिनकी कीमत करीब 40 लाख रुपये आंकी गई है। एत्मादुद्दौला इंस्पेक्टर देवेंद्र दुबे ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे की फुटैज से चोर का सुराग मिला है। खुलासे को टीमें गठित कर दी गई हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


