बदमाशों की गोली से जख्मी रिटायर फौजी ने दौड़ाया स्कूटर
आगरा ताजगंज क्षेत्र में 125 फुटा मार्ग पर बुधवार की रात बदमाशों ने रिटायर फौजी बृजेश कुमार को गोली मार दी। बृजेश कुमार फतेहाबाद मार्ग स्थित एक...
आगरा ताजगंज क्षेत्र में 125 फुटा मार्ग पर बुधवार की रात बदमाशों ने रिटायर फौजी बृजेश कुमार को गोली मार दी। बृजेश कुमार फतेहाबाद मार्ग स्थित एक सितारा होटल में सिक्योरिटी सुपरवाइजर हैं। वह स्कूटर पर थी। गोली पेट में लगी थी। जख्मी हालत में उन्होंने स्कूटर दौड़ा दिया। पहले एकता पुलिस चौकी पर पहुंचे। वहां वारदात की सूचना देते हुए खुद ही जीआर हॉस्पिटल पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद परिजन उन्हें दूसरे नर्सिंग होम में लेकर आए।
घटना रात करीब पौने दस बजे की है। शमसाबाद मार्ग स्थित मारुति सिटी कालोनी निवासी 44 वर्षीय बृजेश कुमार तोरा चौकी के पास एक सितारा होटल में सुरक्षा देखते हैं। रात को अपनी शिफ्ट खत्म होने के बाद वह स्कूटर से घर लौट रहे थे। तोरा पुलिस चौकी के बराबर से गुजर रहा 125 फुटा मार्ग एकता चौकी के पास शमसाबाद मार्ग पर निकलता है। वह इसी मार्ग से प्रतिदिन घर लौटते हैं। एकता चौकी से 200 मीटर पहले बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। उन्होंने स्कूटर नहीं रोका। स्कूटर की रफ्तार बढ़ा दी। यह देख बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने उन्हें गोली मार दी। गोली उनके पेट में लगी। वह जख्मी हो गए मगर रुके नहीं। स्कूटर दौड़ा दिया। खुद हॉस्पिटल पहुंचे। वहां से परिजनों को फोन किया। सूचना पर पुलिस भी आ गई। पुलिस ने बताया कि बदमाशों का पता लगाया जा रहा है। आशंका है कि बदमाशों ने लूट के इरादे से उन्हें रोकने का प्रयास किया था।
