अशांति फैलाने वालों को शांत करना भी जानते हैं: राजनाथ

हिन्दुस्तान, आगरा
Follow us on Google News
share

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पाक को चेतावनी दी कि नापाक हरकतें जारी रहने पर उसे भारी कीमत चुकानी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि भारत की अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा बढ़ी है। राजनाथ ने आतंकवाद पर खुली कार्रवाई की अनुमति दी और नक्सलवाद पर प्रभावी नियंत्रण की बात कही। मोदी को विश्व का सबसे लोकप्रिय नेता बताया।

अशांति फैलाने वालों को शांत करना भी जानते हैं: राजनाथ

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को कहा हम शांतिप्रिय लोग हैं लेकिन अशांति फैलाने वाले को शांत करना भी जानते हैं। आगरा के शमसाबाद में एक कार्यक्रम में उन्होंने पाकिस्तान को चेतावनी दी कि यदि वह अपनी नापाक हरकतों से बाज नहीं आया तो भारी कीमत चुकानी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि सिंधु जल समझौते को निलंबित किया जा चुका है। उसे दाना-पानी के लिए मोहताज बना दिया जाएगा। राजनाथ सिंह ने महाराणा प्रताप की 15 फुट ऊंची प्रतिमा के अनावारण के बाद एपी इंटर कॉलेज के मैदान में किसान-जवान और महिला स्वाभिमान सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आज अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की प्रतिष्ठा पहले की तुलना में कहीं अधिक बढ़ी है। एक समय ऐसा था जब दुनिया भारत की बातों को गंभीरता से नहीं लेती थी। लेकिन अब भारत जो कहता है, पूरी दुनिया उसे ध्यान से सुनती है।

आतंकवाद और सुरक्षा

आतंकवाद के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से पहले देश में आए दिन आतंकी घटनाएं होती थीं। आतंकियों के मारे जाने पर तब कुछ लोगों ने आंसू बहाए थे। राहुल गांधी ने कहा था कि आतंकी घटनाएं रुक नहीं सकतीं। अब सरकार ने सुरक्षा बलों को आतंकवाद के खिलाफ खुली कार्रवाई की छूट देती है। जरूरत पड़ने पर सीमा पार जाकर भी आतंकवादियों का सफाया करेंगे।

नक्सलवाद और सरकार की कार्रवाई

पहलगाम के आतंकी हमले का जिक्र करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि आतंकवादियों ने धर्म पूछकर निर्दोष नागरिकों की हत्या की थी। उन्होंने इसके तुरंत बाद देश के तीनों सेना प्रमुखों की बैठक बुलाई। उनसे पूछा कि क्या वे ऑपरेशन के लिए तैयार हैं। तब तीनों सेना प्रमुखों ने कहा कि हम तुरंत तैयार हैं। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जो कार्रवाई हुई वो पूरी दुनिया के सामने है। नक्सलवाद के मुद्दे पर कहा कि कभी किसी ने नहीं सोचा था कि भारत नक्सलवाद से मुक्ति की ओर बढ़ सकेगा। नक्सलियों ने वर्षों तक पुलिस और सुरक्षा बलों को निशाना बनाया। जवानों ने शहादत दी। हमारी सरकार ने इसे बर्दाश्त नहीं किया और सख्त कार्रवाई के जरिए नक्सलवाद पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया। अब आप देख रहे हैं कि किस तरह घुसपैठिये भाग रहे हैं।

भाजपा की राजनीति

----बाक्स----

इंसाफ और इंसानियत की राजनीति में विश्वास रखती है भाजपा

राजनाथ सिंह ने कहा कि हम वादे नहीं, वादे पूरे करने की राजनीति करते हैं। भाजपा जाति, धर्म और पंथ आधारित राजनीति नहीं करती, बल्कि इंसाफ और इंसानियत की राजनीति में विश्वास रखती है। हमने जो कहा वो पूरा करके दिखाया। जम्मू-कश्मीर से धारा-370 एक चुटकी में हटा दी। अयोध्या में रामलला का मंदिर बनाया।

महाराणा प्रताप के आदर्श

महाराणा प्रताप के आदर्शों को आगे बढ़ा रही सरकार

रक्षा मंत्री ने कहा कि महाराणा प्रताप चाहते तो मुगल शासक अकबर से समझौता कर महलों में आरामदायक जीवन बिता सकते थे, लेकिन उन्होंने स्वाभिमान से समझौता नहीं किया। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप ने महलों का बिस्तर छोड़कर पहाड़ों पर पत्थरों के बीच जीवन बिताया, लेकिन अपने सम्मान और राष्ट्रहित से कभी पीछे नहीं हटे। भारतीय जनता पार्टी की सरकार भी उनके इस सिद्धांत को आगे बढ़ा रही है। राजनीति का उद्देश्य केवल सत्ता प्राप्त करना नहीं, बल्कि देश और समाज का निर्माण करना होना चाहिए।

देश का विकास

2014 से पहले हुए बहुत घोटाले

राजनाथ सिंह ने कहा कि देश में 2014 से पहले बहुत घोटाले हुए। देश का विकास नहीं हुआ। अब विश्वभर के लोग भारत में निवेश करना चाहते हैं। बड़ी कंपनिया व्यापार करना चाहती हैं। यहां उन्होंने डिफेंस कॉरिडोर का जिक्र किया। देश में रक्षा उत्पादन से जुड़े कारखाने खुल रहे हैं। देश अब आत्मनिर्भर बन रहा है। हमने सेमी कंडक्टर चिप का निर्माण किया है जिसके बारे में कोई सोच नहीं रहा था। दुनिया के 25 फीसदी आई फोन अब भारत में बन रहे हैं।

कानून व्यवस्था

उत्तर प्रदेश में कायम है कानून राज

रक्षा मंत्री ने उत्तर प्रदेश की योगी सरकार की भी प्रशंसा की। कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था कायम है। माफिया और गुंडों के हौसले पस्त हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि जिस राज्य में कानून-व्यवस्था दुरुस्त होती है वो ही विकास की ओर अग्रसर होता है। भारत में सर्वाधिक आई फोन उत्तर प्रदेश में बन रहे हैं।

प्रधानमंत्री मोदी की लोकप्रियता

प्रधानमंत्री मोदी दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता

रक्षा मंत्री ने सभा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को विश्व का सबसे लोकप्रिय नेता बताया। उन्होंने कहा कि सरकार आती हैं और चली जाती हैं। पार्टियों और नेताओं की लोकप्रियता में गिरावट आती है, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है। वह इस समय दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता हैं। यह पूरे देश के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और स्वयं उनके ऊपर भ्रष्टाचार का एक भी आरोप नहीं है।

सामान्य प्रश्न

राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान को क्या चेतावनी दी?
राजनाथ सिंह ने कहा कि यदि पाकिस्तान अपनी नापाक हरकतों से बाज नहीं आया तो भारी कीमत चुकानी पड़ेगी।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।