ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश आगराआगरा में एनआरआई युवती से पर्स लूट ले गए टप्पेबाज

आगरा में एनआरआई युवती से पर्स लूट ले गए टप्पेबाज

टप्पेबाजों ने गुरुवार को दो वारदातों को अंजाम दिया। युवक अकेले नहीं थे। महिलाएं और बच्चा भी उनके साथ थे। दोनों वारदातों को नाटकीय अंदाज में अंजाम दिया। शाह मार्केट से एनआरआई युवती से पर्स लूटा। वहीं...

आगरा में एनआरआई युवती से पर्स लूट ले गए टप्पेबाज
हिन्दुस्तान टीम,आगराThu, 01 Feb 2018 10:30 PM
ऐप पर पढ़ें

टप्पेबाजों ने गुरुवार को दो वारदातों को अंजाम दिया। युवक अकेले नहीं थे। महिलाएं और बच्चा भी उनके साथ थे। दोनों वारदातों को नाटकीय अंदाज में अंजाम दिया। शाह मार्केट से एनआरआई युवती से पर्स लूटा। वहीं भगवान टॉकीज पर शिक्षा विभाग के कर्मचारी की गाड़ी से दो मोबाइल उड़ाए गए।

पहली घटना दोपहर करीब एक बजे की है। दुबई निवासी गुंजन अपने पति हिमांशु और ड्राइवर के साथ शाह मार्केट आई थीं। पुरानी मार्केट के सामने ड्राइवर ने गाड़ी रोकी। हिमांशु दुबई में आर्कीटेक्ट हैं। पति और ड्राइवर मोबाइल का कवर लेने चले गए। गुंजन के अनुसार पहले एक महिला कार के पास आई। इशारे से कुछ कहने का प्रयास किया। उन्होंने उसे नजरंदाज कर दिया। कुछ ही देर में एक बच्ची आई। उसने शीशा खटखटाया। इशारे से कहा कि नीचे कुछ पड़ा है। उन्होंने फिर भी शीशा नहीं खोला। एक युवक ने दूर से उन्हें इशारा किया। अपनी अंगुली सड़क की तरफ करके दिखाई। उन्हें लगा कि कई लोग टोक चुके हैं। कोई बात तो नहीं। इसी बीच एक युवक आया। शीशा खटखटाया। तेज आवाज में कहा कि गाड़ी पंचर है। ऑयल भी टपक रहा है। वह घबरा गईं। शीशा खोला। तभी ऐसा लगा कि किसी ने पिन चुभाई है। आंखों के आगे अंधेरा छा गया। दम घुटने लगा। अपने को संभाला। पर्स उन्होंने अपनी कांख में दबा रखा था। युवक पर्स लेकर भाग गया। पर्स में 25 हजार रुपये, डीएल और जरूरी कागजात थे।

दूसरी घटना दोपहर लगभग 12 बजे भगवान टॉकीज के पास हुई। हाथरस निवासी विकास सिंह सहकर्मी के साथ आगरा आए थे। भगवान टॉकीज के पास जाम लगा था। गाड़ी रोकी। इसी बीच एक युवक ने शीशा खटखटाया। उन्होंने शीशा खोला। तभी दूसरी तरफ से एक अन्य युवक ने शीशा खटखटाया। उन्हें लगा पता नहीं क्या हुआ है। शीशे नीचे करते ही युवक डैश बोर्ड पर रखे दो मोबाइल लेकर भाग गया।

कैमरे में कैद हुआ शातिर

एनआरआई महिला के साथ पुरानी शाह मार्केट के सामने घटना हुई। वहां सीसीटीवी कैमरा लगा है। पुलिस ने रिकार्डिंग खंगाली तो एक युवक उसमें कैद मिल गया। वह महिला का पर्स ले जाते हुए साफ नजर आ रहा है।

महिला बोली बेहोश कर दिया था

पूर्व में चिली स्प्रे डालकर गाड़ी से सामान पार करने की वारदातें हो चुकी हैं। गुरुवार को एनआरआई महिला का आरोप था कि उसे बेहोश कर दिया था। कैसे उसे याद नहीं। क्या कोई ऐसा भी स्प्रे है जिसके छिड़काव से सामने वाला कुछ पल के लिए बेहोश हो जाए। पुलिस इसकी छानबीन कर रही है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें