Agra News: स्पोर्ट्स कालेज लखनऊ और आजमगढ़ मंडल के मध्य होगा फाइनल
Agra News: प्रदेशीय सबजूनियर बालक फुटबाल प्रतियोगिता का फाइनल सोमवार को खेला जाएगा, जिसमें स्पोर्ट्स कालेज लखनऊ और आजमगढ़ मंडल आमने-सामने होंगे। सेमीफाइनल में आजमगढ़ ने वाराणसी को 3-1 से और लखनऊ ने सैफई को 5-1 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। समापन समारोह में केंद्रीय राज्यमंत्री विजेताओं को पुरस्कृत करेंगे।

Agra News: प्रदेशीय सबजूनियर बालक फुटबाल प्रतियोगिता का फाइनल स्पोर्ट्स कालेज लखनऊ और आजमगढ़ मंडल के मध्य खेला जाएगा। रविवार को खेले गए दोनों सेमीफाइनल मुकाबलों में वाराणसी मंडल व स्पोर्ट्स कॉलेज सैफई हार के साथ प्रतियोगिता से बाहर हो गए। फाइनल मुकाबला सोमवार को दोपहर 3 बजे से खेला जाएगा। क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी संजय शर्मा ने बताया कि एकलव्य स्टेडियम में खेली जा रही प्रतियोगिता में पहला सेमीफाइनल आजमगढ़ मंडल व वाराणसी मंडल के मध्य खेला गया। मैच में आजमगढ़ मंडल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए वाराणसी मंडल को 3-1 से पराजित कर फाइनल में जगह बनाई। विजेता टीम के लिए अंकुश ने 2, रितिक ने 1 गोल व उपविजेता टीम के लिए दक्ष नेगी ने 1 गोल किया।
दूसरे सेमीफाइनल में स्पोर्ट्स कालेज लखनऊ तथा स्पोर्ट्स कालेज, सैफई आमने-सामने थे। इस मैच में स्पोर्ट्स कालेज, लखनऊ ने शानदार खेल का परिचय देते हुए स्पोर्ट्स कालेज, सैफई को एकतरफा 5-1 से शिकस्त देकर फाइनल का टिकट कटाया। विजेता टीम के लिए सत्यम ने 3, अमन व कुश ने 1-1 गोल, उपविजेता टीम के लिए कैफ ने 1 गोल किया। प्रतियोगिता का फाइनल सोमवार दोपहर 3 बजे से खेला जाएगा। समापन समारोह के मुख्य अतिथि केन्द्रीय राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल विजेता व उपविजेता टीमों को पुरस्कृत करेंगे।


