
फुट ओवर ब्रिज पर अर्द्धनग्न हालात में मिला सिपाही का शव
Agra News - शहर के नेशनल हाईवे पर कैलाश मंदिर मोड स्थित फुट ओवर ब्रिज पर एक पुलिस कर्मी विवेक कुमार का अर्द्धनग्न शव मिला। विवेक को 26 जून 2025 से गैर हाजिर रहने पर सस्पेंड किया गया था।
नेशनल हाईवे पर कैलाश मंदिर मोड़ स्थित फुट ओवर ब्रिज पर शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक सिपाही का अर्द्धनग्न हालत में शव मिला। मृतक की पहचान विवेक कुमार(35) के रूप में हुई, जो मूलतः बुलंदशहर का निवासी था और पुलिस लाइन में तैनात था। पास ही चूहे मारने की दवा पड़ी मिली, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। विवेक कुमार 2015 बैच का सिपाही था, जिसे 26 जून 2025 से लगातार गैर हाजिर रहने के कारण निलंबित किया गया था।

पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार के अनुसार, सिपाही छुट्टी पर गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा। सुबह सिकंदरा पुलिस को सूचना मिली कि फुट ओवर ब्रिज पर शव पड़ा है। मृतक ने केवल लोअर और जूते पहन रखे थे, ऊपरी हिस्से पर कोई कपड़ा नहीं था। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने शव की पहचान विवेक के रूप में की और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के पास कोई मोबाइल नहीं मिला।
पुलिस ने विवेक के परिजनों को सूचना दी। आगरा पहुंचे चचेरे भाई ओम राजौरा ने बताया कि विवेक विवाहित था और उसकी एक 5 वर्षीय बेटी है। विवेक ने घर वालों को तबीयत खराब होने की बात कहकर मेडिकल छुट्टी की जानकारी दी थी, जबकि उन्हें सस्पेंड होने की कोई जानकारी नहीं थी। परिजनों का कहना है कि वे विवेक की खुदकुशी की बात सुनकर सन्न हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं ताकि मौत की असली वजह सामने आ सके।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


