प्रशासन की सख्ती से अराजक तत्व फेल, धूमधाम से निकली शोभायात्रा
Agra News - गांव गुनार में डा. आंबेडकर शोभायात्रा को रोकने के लिए अराजक तत्वों ने विभिन्न बाधाएं खड़ी कीं। पथराव के बावजूद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और शोभायात्रा को सफलतापूर्वक निकालने दिया। डीएम और एसपी ने सख्त निर्देश दिए, जिससे माहौल सामान्य हुआ और शोभायात्रा धूमधाम से निकली।

गांव गुनार में डा. आंबेडकर शोभायात्रा रोकने के अराजक तत्वों के सभी मंसूबे फेल कर दिए गए। गांव के कुछ लोगों ने शोभायात्रा में रुकावट के लिए सभी रास्तों पर तरह-तरह की बाधाएं पैदा कीं। किसी रास्ते पर बग्गी, ट्रैक्टर ट्रॉली, थ्रेशर और हेरो मशीनें खड़ी कर दी गईं। फिर भी बात नहीं बनी तो पथराव कर दिया गया। अराजक तत्वों के मंसूबे देखते ही पुलिस-प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया। पुलिस फोर्स ने सभी रास्तों पर मुस्तैदी बढ़ाई और सभी वाहनों के रूप में रुकावटें हटा दी गईं। डीएम और एसपी ने सख्ती दिखाई और कानूनी कार्यवाही की चेतावनी दी। इसके बाद शोभायात्रा धूमधाम से निकलीं।
माहौल सामान्य होते देख सभी ने राहत की सांस ली। चहका गांव से शुरू हुई शोभायात्रा को रोकने के लिए अराजक तत्वों ने कोई कसर नहीं छोड़ी। जहां तहां रास्तों पर वाहन खड़े कर दिये गए। जिससे शोभायात्रा निकल ही नहीं सके। शोभायात्रा रुकते ही माहौल गर्माने लगा। फिर पथराव कर माहौल छिन्न बिन्न कर दिया गया। सहावर थाने से फोर्स लेकर पहुंची सीओ शाहिदा नसरीन ने मौके की स्थिति समझी और तत्काल उच्चाधिकारियों को सूचना दी। इसके बाद एएसपी सुशील कुमार पहुंच गए। तत्काल ही डीएम प्रणय सिंह व एसपी ओपी सिंह पहुंच गए। डीएम एसपी ने गांव का जायजा लिया। पुलिस कर्मियों को सख्ती से निपटने के निर्देश दिये। इससे पहले ही अराजकता फैलाने वाले गांव से निकल भागे। गलियों में सिर्फ महिलाएं और बच्चे ही रह गए। इसके बाद शोभायात्रा निकालने वाले आयोजकों ने धूमधाम से शोभायात्रा निकालनी शुरू कर दी। गांव में डा. आंबेडकर की जय जयकार गूंजने लगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


