
कनकनी के बीच धूप बनी सहारा, दोपहर में मिली राहत
Agra News - जनपद में लगातार पड़ रही कड़ाके की सर्दी से लोगों को शनिवार को दिन में थोड़ी राहत मिली। मौसम साफ होने पर बुजुर्ग, बच्चे और ग्रामीण बाजारों में खरीददारी के लिए निकले। दिन का अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहा। हालांकि शाम होते ही सर्दी फिर से बढ़ने लगी।
जनपद में लगातार पड़ रही कड़ाके की सर्दी से लोगों को शनिवार को दिन में थोड़ी राहत जरूर मिली। सुबह से ही मौसम साफ रहने व दोपहर के समय निकली चटख धूप के बाद बुजर्ग, बड़े व बच्चे घरों की छत पर बैठे नजर आए। शहर के पार्क व मैदान में दिनभर बच्चों ने धमा चौकड़ी मचाई। ग्रामीण क्षेत्रों से लोग बाजारों में खरीददारी के लिए निकले। दिन के समय अधिकतम तापमान भी तीन डिग्री बढ़कर 19 डिग्री सेल्सियस रहा।
शनिवार की सुबह मौसम जैसे ही साफ नजर आया तो कड़ाके की सर्दी से बचने के लिए घरों में रह रहे लोगों के चेहरे खिल उठे। बुजर्ग व बच्चों नए वर्ष में सर्दी से बचने के लिए घरों में ही रह रहे थे। दिन के समय निकली धूप ने लोगों को बड़ी राहत दी। घरों में परिवार के साथ लोग छतों पर बैठकर धूप सेंकते नजर आए। शहर व कस्बों के बाजारों में भी रौनक लौटी। मौसम साफ होते ही लोग ग्रामीण क्षेत्रों से खरीददारी करने के लिए निकले। विगत नौ दिनों से लगातार पड़ रही कड़ाके की सर्दी व गलन ने लोगों को परेशान कर दिया था।
घने कोहरे व सर्दी की वजह से लोगों की दिनचर्या प्रभावित थी। हालांकि शाम होते ही सर्दी ने फिर से दस्तक देना शुरू किया तो लोग अलाव जलाकर तापते नजर आए। न्यूनतम तापमान अभी भी हालांकि सात डिग्री सेल्सियस बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार जनवरी माह के दूसरे सप्ताह में भी लोगों को गलनभरी सर्दी से राहत मिलने वाली नहीं है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




