
कुत्ते के काटने से मचा हड़कंप, आगरा में परिवार ने कराया केस दर्ज
Agra News - जीवनी मंडी में एक पड़ोसी के पालतू कुत्ते ने आठ वर्षीय बालक यश सोनी को काट लिया। शिकायत करने पर विवाद हुआ, और पुलिस को बुलाना पड़ा। लड़के के बाबा ने कुत्ते के मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया...
आगरा के जीवनी मंडी स्थित झूलेलाल कॉलोनी में आठ वर्षीय बालक को पड़ोसी के पालतू कुत्ते ने काट लिया। शिकायत करने पर नौबत झगड़ा होने की आ गई। पुलिस ने पहुंचकर स्थिति को संभाला। लड़के के बाबा ने छत्ता थाने में कुत्ते के मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। मुकदमे में छह माह की सजा और पांच हजार रुपये जुर्माने का प्रावधान है। मुकदमा भगवान दास सोनी ने दर्ज कराया है।
भगवान दास ने पुलिस को बताया कि पड़ोसी ने तीन कुत्ते पाल रखे हैं। कॉलोनी में इन पालतू कुत्तों का आतंक है। पड़ोसी इनको बांधकर नहीं रखता। कोई वैक्सीन भी नहीं लगवाई है। कॉलोनी में कोई इसके खिलाफ बोलने की हिम्मत नहीं जुटा पाता। पड़ोसी झगड़ा करने लगता है। उन्होंने बताया कि 18 अक्टूबर की शाम उनका 8 वर्षीय नाती यश सोनी ट्यूशन से लौट रहा था। पड़ोसी के कुत्ते ने नाती को काट लिया। नाती बुरी तरह घबरा गया। रोता हुआ घर आया। उसका इलाज चल रहा है। बच्चा इतना घबरा गया है कि अकेले घर से बाहर नहीं निकल रहा है।
उन्होंने इसकी शिकायत पड़ोसी से की तो वह झगड़ा करने लगा। विवाद बढ़ता देख उन्होंने पुलिस को बुलाया। पुलिस ने आकर मामला शांत कराया। पीड़ित का आरोप है कि पड़ोसी ने कुत्तों का नगर निगम में रजिस्ट्रेशन तक नहीं कराया है। पुलिस ने बताया कि बीएनएस की धारा 291 के तहत मुकदमा लिखा गया है। इस धारा के तहत पालतू जानवर के मालिक के खिलाफ कार्रवाई की जाती है। जानवर को पालने में लापरवाही बरती जाए वह किसी के लिए खतरा बन जाए तब इस धारा के तहत मुकदमा लिखकर कार्रवाई की जाती है। इस मामले में साक्ष्यों के आधार पर जल्द चार्जशीट लगाई जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




