ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश आगराखंदौली में मां की हत्या, बेटा मरणासन्न

खंदौली में मां की हत्या, बेटा मरणासन्न

खंदौली के गांव बेलोठ में मंगलवार की रात तीन बदमाशों ने धारदार हथियार से प्रहार करके बुजुर्ग महिला की हत्या कर दी। महिला का बेटा गंभीर रूप से जख्मी है। अस्पताल में जिंदगी और मौत से लड़ रहा है। घटना की...

खंदौली में मां की हत्या, बेटा मरणासन्न
हिन्दुस्तान टीम,आगराWed, 25 Dec 2019 07:13 PM
ऐप पर पढ़ें

खंदौली के गांव बेलोठ में मंगलवार की रात तीन बदमाशों ने धारदार हथियार से प्रहार करके बुजुर्ग महिला की हत्या कर दी। महिला का बेटा गंभीर रूप से जख्मी है। अस्पताल में जिंदगी और मौत से लड़ रहा है। घटना की वजह साफ नहीं हो सकी है। एसएसपी का कहना है कि लूट तो दूरी की बात प्रयास तक नहीं हुआ है। जांच जारी है।

घटना रात करीब डेढ़ बजे की है। 65 वर्षीय रामकली अपने बेटे उमेश कुमार चौहान के साथ रहती थीं। उमेश की गांव में ही परचून की दुकान है। मां-बेटे दुकान के सामने चारपाई बिछाकर सो रहे थे। रात करीब सवा दो बजे पड़ोस की एक महिला ने किसी के कराहने की आवाज सुनी। उसे कुछ शक हुआ। घर के बाहर आई तो मां-बेटे को खून से लथपथ देखकर घबरा गई। उसने शोर मचाया। ग्रामीण जाग गए। 112 नंबर डॉयल किया। फोन नहीं उठा। यह देख कुछ ग्रामीण थाने गए। पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायल मां-बेटे को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। बेटे का नर्सिंग होम में इलाज चल रहा है। उसकी हालत भी चिंताजनक बनी हुई है।

सूचना पर एसएसपी बबलू कुमार, एसपी देहात पश्चिम रवि कुमार, सीओ एत्मादपुर अतुल सोनकर मौके पर पहुंचे। डॉग स्क्वॉड और फील्ड यूनिट भी पहुंची। साक्ष्य जुटाए। भाजपा विधायक रामप्रताप सिंह चौहान और पूर्व विधायक धर्मपाल सिंह भी गांव पहुंचे। तमाम प्रयासों के बावजूद घटना की वजह साफ नहीं हो सकी है।

बदमाशों ने होल्डर से निकाला बल्ब

उमेश कुमार चौहान की गांव में किसी से रंजिश नहीं है। वह अविवाहित है। पिता का देहांत हो चुका है। परचून की दुकान है। मां-बेटे उसी पर बैठते थे। उमेश होश में आया तो घटना से जुड़ी कुछ जानकारी पुलिस को दी।

उमेश ने बताया कि हमलावरों की संख्या तीन थी। दुकान के बाहर एक बल्ब लगा है। उस समय अंधेरा हो गया था। पुलिस ने चेक किया तो बल्ब गायब था। संभवत: बदमाशों ने बल्ब निकाल दिया था। उमेश ने पुलिस को बताया कि दो लोगों ने उसे पकड़ लिया था। तीसरे ने उस पर प्रहार किए। उसकी आवाज सुनकर मां जाग गई थी। वह शोर मचाती इससे पहले बदमाशों ने मां पर भी हमला बोल दिया। मां के भी सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ प्रहार किए। इससे ज्यादा वह कुछ नहीं जानता। किसी को पहचानता नहीं है। किसी से कोई रंजिश भी नहीं है।

पुलिस को छानबीन में परचून की दुकान के पीछे शराब की खाली बोतलें और तंबाकू की पीक पड़ी मिली। बदमाश वहां छिपे हुए तो नहीं थे यह मानते हुए भी जांच की जा रही है। एसएसपी ने तीन टीमें बनाई हैं। सर्विलांस और क्राइम ब्रांच को भी खुलासे की जिम्मेदारी दी है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें