ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश आगरामाया के फरमान से टिकटार्थियों में हड़कंप

माया के फरमान से टिकटार्थियों में हड़कंप

-जो लोग जन्मदिन पर कन्नी काटते रहे, वो अब आशीर्वाद लेने को दौड़ रहे

माया के फरमान से टिकटार्थियों में हड़कंप
हिन्दुस्तान टीम,आगराMon, 21 May 2018 08:40 PM
ऐप पर पढ़ें

बसपा प्रमुख मायावती के एक फरमान ने तमाम टिकटार्थियों की नींद उड़ा दी है। अब वे बहिनजी के आशीर्वाद के लिए लालायित हैं। ऐसे लोग भी आजकल आशीर्वाद लेने पहुंच रहे हैं, जिन्होंने पार्टी सुप्रीमो के जन्मदिन पर भी शक्ल नहीं दिखाई थी। हाल में देहात के एक पूर्व जनप्रतिनिधि की पार्टी सुप्रीमो से हुई नमस्ते चर्चा में है। बसपा ने अभी से वर्ष 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए लड़ाके खोजने शुरू कर दिए हैं। वहीं आगरा लोकसभा सीट के लिए भी प्रत्याशी की खोज चल रही है। लोकसभा सीट के लिए अभी तक आधा दर्जन चेहरे पार्टी सुप्रीमो के दरबार में हाजिरी लगा चुके हैं। मिलने के लिए जरूरी शर्तें भी पूरी कर चुके हैं, मगर अभी किसी को हरी झंडी नहीं मिली। खास बात यह है कि पार्टी सुप्रीमो ने बीते दिनों शहर की दक्षिणी सीट को छोड़कर आगरा की सभी विधानसभा सीटों पर नए चेहरे तलाशने के निर्देश अपने सिपहसालारों को दिए थे। तभी से खोजबीन शुरू हो गई। विधानसभा चुनाव लड़ने के इच्छुक लोगों को पहले पार्टी मुखिया से मिलवाया जा रहा है। फिर उन्हें संबंधित विधानसभा में काम करने को कहा जा रहा है। पिछला चुनाव लड़ चुके क्षत्रप पार्टी के दुर्दिनों में नजरें चुराने लगे थे। यहां तक कि बहिनजी को बर्थडे की शुभकामनाएं देने में भी परहेज किया। अब नए चेहरों की आमद ने पुराने क्षत्रपों की नींद उड़ा दी है। देहात की एक विधानसभा क्षेत्र में जब पूर्व जनप्रतिनिधि ने लगातार कन्नी काटी तो पार्टीजनों ने सपा से एक पिछड़ी जाति के व्यक्ति की ज्वाइनिंग करा दी। खबर है कि उसने ‘पांच बार नमस्ते की। इसकी खबर ने पुराने क्षत्रप की नींद उड़ा दी। वो पार्टी के नए जोन इंचार्ज की मदद से ‘11 बार नमस्ते कर आए हैं। खेरागढ़-बाह सीट हो गईं थीं खाली खेरागढ़ और बाह विधानसभा सीटें बसपा की दृष्टि से खाली चल रही हैं। कुछ महीनों पहले बाह के पूर्व विधायक मधुसूदन शर्मा ने नीला खेमा छोड़ सपा का दामन थाम लिया था। वहीं खेरागढ़ के पूर्व विधायक भगवान सिंह कुशवाह को बाहर का रास्ता दिखा दिया गया था। शहर की उत्तरी सीट पर भी कोई परमानेंट चेहरा नहीं है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें