
साड़ी शोरूम में भीषण आग, घर में फंसा परिवार
Agra News - ग्वालियर हाइवे पर इटौरा चौराहा स्थित गंगा साड़ी शोरूम में शनिवार रात आग लग गई। शोरूम के ऊपर मालिक का घर था, जहां पूरा परिवार फंस गया। परिवार ने छत पर चढ़कर पड़ोसी की छत पर कूदकर जान बचाई। आग शार्ट सर्किट से लगी थी, जिससे लाखों रुपये का नुकसान हुआ।
ग्वालियर हाइवे पर इटौरा चौराहा स्थित गंगा साड़ी शोरूम में शनिवार रात भीषण आग लग गई। शोरूम के ऊपर ही मालिक का घर है। परिवार घर में फंस गया। पूरे घर में धुआं भर गया। समय रहते नींद खुलने पर परिजन छत पर चढ़ गए। पड़ोसी की छत पर कूदकर अपनी जान बचाई। हादसे की वजह शार्ट सर्किट बताई जा रही है। घटना रात करीब सवा तीन बजे के आस-पास की है। भूपेंद्र लवानिया का गंगा साड़ी के नाम से शोरूम है। भूतल और पहली मंजिल पर शोरूम है। दूसरी मंजिल पर परिवार रहता है। आग भूतल से लगी थी। पहली मंजिल तक पहुंच गई।
दोनों फ्लोर पर लाखों के कपड़े रखे हुए थे। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। दूसरी मंजिल पर पूरे घर में धुंआ भर गया। भूपेंद्र लवानिया का बेटा शौर्य सुबह करीब साढ़े तीन बजे पढ़ाई करने को उठा था। उसने देखा कि पूरे घर में धुआं ही धुआं है। वह घबरा गया। उसने शोर मचाया। परिजन जाग गए। नीचे जाने का रास्ता आग से घिरा हुआ था। यह देख परिजन छत पर पहुंचे। पड़ोसी की छत पर कूदकर सभी ने अपनी जान बचाई। पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। दमकल कर्मियों ने पहुंचकर आग पर काबू पाया। पीड़ित कारोबारी भूपेंद्र लवानियां ने बताया कि शोरूम में करीब 75 लाख रुपये का कपड़ा था। पूरा फर्नीचर भी राख हो गया। गनीमत इतनी रही कि परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित बाहर निकल आए। दमकल कर्मियों ने शार्ट सर्किट से हादसे की आशंका जताई है। घटना ने कारोबारी परिवार को हिला दिया है। सहालग के चलते हाल ही में बाहर से साड़ियां आई थीं। उनकी पैकिंग तक नहीं खुली थी। कुछ नहीं बचा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




