
भाकियू स्वराज नेताओं की 14. 29 लाख रुपये की संपत्ति कुर्क
Agra News - भारतीय किसान यूनियन स्वराज के अध्यक्ष कुलदीप पांडेय की 14.29 लाख रुपये की कृषि भूमि को कुर्क किया गया। एसीजेएम न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने यह कार्रवाई की। पांडेय पर आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने का आरोप है, जिसके तहत उनकी संपत्ति को कुर्क किया गया।
भारतीय किसान यूनियन स्वराज के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलदीप पांडेय की संपत्ति बुधवार को कुर्क की गई। एसीजेएम न्यायालय के आदेश पर तहसीलदार, सीओ की मौजूदगी में ढोलना थाना पुलिस ने 14.29 लाख रुपये की कृषि भूमि को कुर्क करने की कार्रवाई की। कार्रवाई संबंधी बोर्ड भी कृषि भूमि में लगा दिया गया। इस कार्रवाई से पुलिस ने उच्चाधिकारियों को भी अवगत कराया है। पुलिस के मुताबिक ढोलना थाना में भाकियू स्वराज के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलदीप पांडेय के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है। इस मामले में पुलिस ने एसीजेएम न्यायालय से संबंधित आरोपी की संपत्ति कुर्क करने के लिए अनुमति मांगी थी।
संपत्ति का विवरण भी न्यायालय में पेश किया था। इसमें बताया था कि कुलदीप पांडेय ने आपराधिक गतिविधियों में शामिल होकर धन अर्जित किया, इसी धन से अपने रिश्तेदारों के नाम संपत्ति क्रय करा दी। न्यायालय से आदेश मिलने के बाद कुलदीप पांडेय के भाई आशीष पाण्डेय के साले जितेन्द्र गौतम की पत्नी पूनम गौतम के नाम गांव हरनाठेर में क्रय की कृषि भूमि को बुधवार को कुर्क किया गया। इस कृषि भूमि की वर्तमान कीमत 14 लाख 29 हजार 100 रुपये है। अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कासगंज के आदेश के क्रम में जमीन को कुर्क करने की कार्रवाई पूरी की गई। कार्रवाई संबंधी बोर्ड भी जमीन में लगा दिया। इस कार्रवाई के दौरान सीओ आंचल चौहान, तहसीलदार बलवंत उपाध्याय, थाना प्रभारी निरीक्षक गोविंद बल्लभ शर्मा मय पुलिस बल के मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




