किशोरों के विद्यालय में दाखिला को एनआईओएस से करें पत्राचार
Agra News - जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव पंकज कुमार ने सिरौली मलपुरा के राजकीय संप्रेक्षण गृह का निरीक्षण किया। उन्होंने किशोरों की समस्याओं और खाने के बारे में चर्चा की। विकास और सुधारात्मक उपायों की कमी पर नाराजगी जताई। किशोरों को विधिक सहायता के लिए निर्देश दिए और शिक्षा में दाखिले की व्यवस्था करने का आदेश दिया।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव पंकज कुमार ने राजकीय संप्रेक्षण गृह (किशोर) सिरौली मलपुरा का बुधवार को निरीक्षण किया। उन्होंने किशोरों से अकेले और सामूहिक रूप से वार्ता की। जिसमें किशोरों से खाने और उनकी समस्याओं के बारे में जाना। उन्होंने किशोरों के सर्वांगीण विकास, सुधारात्मक व गुणात्मक परिवर्तन की पत्रावली पूर्ण नहीं पाए जाने पर नाराजगी जताई। प्रभारी अधीक्षक को निर्देश दिए कि उक्त कमियों को अविलंब दुरुस्त करा अवगत कराना सुनिश्चित करें। सचिव ने कहा कि किशोरों को यदि किसी भी प्रकार से विधिक सहायता की आवश्यकता है तो उसका पत्र जिला विधिक सेवा प्राधिकरण में प्रेषित करें।
प्रभारी अधीक्षक को निर्देशित किया कि जिन किशोरों का किसी भी विद्यालय में दाखिला नहीं हुआ है उनका अविलंब राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान (एनआईओएस) से पत्राचार कर दाखिला कराया जाना सुनिश्चित करें। साथ ही संस्थान में साफ सफाई आदि की व्यवस्था को भी दुरुस्त रखें। इस दौरान प्रभारी अधीक्षक रामसूरत, फार्मासिस्ट विकास कुमार आदि उपस्थित रहे। वहीं, तहसील सदर के ग्राम पंचायत भवन मलपुरा में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इसमें लोगों को कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। सचिव ने वहां स्थापित पंचायत लीगल एड क्लीनिक का भी जायजा लिया। पंचायत सचिव और ग्राम प्रधान मौजूद रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


