ग्रामीण खाताधारकों से 44 लाख का गबन, इंडियन ओवरसीज बैंक शाखा प्रबंधक गिरफ्तार
Agra News - इंडियन ओवरसीज बैंक की कीठम शाखा के प्रबंधक ऐश्वर्य कुमार को 44 लाख रुपये के गबन के मामले में गिरफ्तार किया गया है। उसने ग्रामीण खाताधारकों के खातों से फर्जी तरीके से धन निकाला और अपने और पत्नी के खाते में ट्रांसफर किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।

इंडियन ओवरसीज बैंक की कीठम शाखा में करीब 44 लाख रुपये के गबन के मामले में पुलिस ने शाखा प्रबंधक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी ने फर्जी तरीके से ग्रामीण खाताधारकों के खातों से धनराशि निकालकर अपने और पत्नी के खाते में ट्रांसफर कर गबन किया था। पुलिस के अनुसार थाना अछनेरा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कीठम स्थित इंडियन ओवरसीज बैंक के तत्कालीन शाखा प्रबंधक ऐश्वर्य कुमार निवासी शीला सदन थाना सीपरी बाजार (झांसी) ने पद का दुरुपयोग करते हुए उच्च अधिकारियों के पासवर्ड का गलत इस्तेमाल किया।
ब्रांच मैनेजर ने पांच ग्रामीण खाताधारकों के ऋण खातों से करीब 43 लाख 96 हजार 923 रुपये की धनराशि फर्जी तरीके से ट्रांसफर कर पहले पत्नी शालिनी के खाते में और फिर अपने खाते में डालकर गबन कर लिया। मामले का खुलासा होने पर वर्तमान शाखा प्रबंधक पंकज गौतम की तहरीर पर 16 जुलाई 2025 को थाना अछनेरा में मुकदमा संख्या 199/2025 धारा 316(5) बीएनएस 2023 के तहत केस दर्ज किया गया था।
अछनेरा पुलिस टीम ने आरोपी को रायभा पुल के पास से गिरफ्तार करते हुए मंगलवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। टीम में प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र कुमार द्विवेदी, उपनिरीक्षक जितेंद्र कुमार यादव व हेड कांस्टेबल मुकेश कुमार शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे भी जांच की जा रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


