
एपीए की बैठक में बजा भारतीय संस्कृति का डंका
संक्षेप: Agra News - रूस की राजधानी मॉस्को में आयोजित एशियाई संसदीय सभा में भारत की समृद्ध संस्कृति और लोकतंत्र का गर्वपूर्ण प्रदर्शन हुआ। सांसद राजकुमार चाहर ने भारत की सॉफ्ट पावर, योग और आयुर्वेद के क्षेत्र में योगदान को साझा किया। उन्होंने कहा कि भारत वैश्विक मंच पर शांति और समृद्धि के लिए अग्रसर है।
रूस की राजधानी मॉस्को में आयोजित प्रतिष्ठित एशियाई संसदीय सभा (एपीए) की बैठक में उस समय गर्व क्षण आया जब जब भारत की समृद्ध सभ्यता, संस्कृति, लोकतंत्र और आध्यात्मिक विरासत का स्वर अंतरराष्ट्रीय मंच से गूंजा। इस बैठक में रूस, ईरान, तुर्की, चीन, श्रीलंका, नेपाल, थाईलैंड, इंडोनेशिया, पाकिस्तान, कजाकिस्तान, बहरीन, यूएई, जॉर्डन, मंगोलिया, कजाकिस्तान सहित दर्जनों देशों के सांसदों, प्रतिनिधियों और राजनयिकों ने भाग लिया। भारत का नेतृत्व कर रहे सांसद राजकुमार चाहर ने कहा कि भारत आज न केवल आर्थिक, तकनीकी और वैज्ञानिक क्षेत्र में अग्रणी है, बल्कि हमारी संस्कृति, परंपरा और ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की भावना पूरी मानवता के लिए मार्गदर्शक है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व शांति, सतत विकास और मानव कल्याण की दिशा में अभूतपूर्व कार्य कर रहा है। भारत की सांस्कृतिक एकता, विविधता में एकता, लोकतांत्रिक मूल्यों, और सार्वभौमिक भाईचारे के सिद्धांतों को विस्तारपूर्वक प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि भारत ने सदैव ‘विश्व बंधुत्व’ के संदेश को अपनाया है और वैश्विक मंचों पर यही हमारी सबसे बड़ी शक्ति है। सभा में सांसद चाहर ने भारत की सॉफ्ट पावर, योग, आयुर्वेद, आध्यात्मिकता, संस्कृति और शिक्षा क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों की जानकारी भी दी। कार्यक्रम के दौरान सांसद चाहर ने विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर आपसी सहयोग, व्यापार, शिक्षा और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को मजबूत करने पर विचार-विमर्श किया। उन्होंने यह भी कहा कि भारत की बढ़ती अंतरराष्ट्रीय भूमिका प्रधानमंत्री मोदी की एक पृथ्वी, एक परिवार, एक भविष्य की सोच का साकार रूप है। सभा के समापन पर सांसद राजकुमार चाहर ने भारत के पक्ष से यह संदेश दिया कि भारत विश्व के साथ मिलकर शांति, स्थिरता और समृद्धि की दिशा में अग्रसर है। उन्होंने कहा कि इस अवसर ने उन्हें अपने देश की संस्कृति, सभ्यता और मूल्यों को और गहराई से समझने और विश्व मंच पर गर्व से प्रस्तुत करने का मौका दिया। कार्यक्रम के अंत में विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों ने सांसद चाहर को भारत के योगदान के लिए बधाई दी व भारत के साथ सहयोग को और प्रगाढ़ करने की इच्छा व्यक्त की।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




