
यमुना मैया का दुग्धाभिषेक, 300 मीटर चुनरी अर्पित
Agra News - श्रीकृष्ण लीला महोत्सव समिति ने अपने 300 वर्ष पूरे होने की शुरुआत चुनरी मनोरथ उत्सव से की। बल्केश्वर महादेव मंदिर से यात्रा शुरू हुई, जिसमें भक्तों ने 300 मीटर लंबी चुनरी लेकर यमुना तट पर पूजा अर्चना...
श्रीकृष्ण लीला महोत्सव समिति ने अपने 300 वें वर्ष की शुरुआत चुनरी मनोरथ उत्सव से की, जो इस परंपरा के इतिहास में पहली बार आयोजित हुआ। शुक्रवार को बल्केश्वर महादेव मंदिर से प्रारंभ हुई भव्य यात्रा में सैकड़ों भक्त बैंडबाजों और शंखध्वनि के साथ नृत्य करते, भजन गाते हुए 300 मीटर लंबी चुनरी लेकर पार्वती घाट पहुंचे। यमुना तट पर भक्तों ने श्रद्धापूर्वक चुनरी अर्पित कर श्रीकृष्ण की पटरानी को नमन किया। इसके बाद यमुना मैया का दुग्धाभिषेक किया गया। भक्तों ने कलशों में दूध भरकर यमुना जल में अर्पित किया, जिससे तट पर स्निग्ध श्वेत धारा प्रवाहित होती दिखाई दी।
यह दृश्य भक्तों की गहन श्रद्धा और आस्था का प्रतीक बना। सैकड़ों दीपक जलाकर दीपदान किया गया, तो यमुना की लहरों पर झिलमिलाते दीप मानो भक्तों की भावनाओं को उजास में परिवर्तित कर रहे थे। पूरा तट स्वर्गिक आभा से आलोकित हो उठा। पूजन विधि-विधानपूर्वक प्राचीन सीताराम मंदिर वजीरपुरा के महंत अनंत उपाध्याय, पंडित मुकेश शर्मा, पंकज शास्त्री, विष्णु पंडित, पंडित प्रमोद पाराशर, दुर्गेश शास्त्री द्वारा कराया गया। समिति अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने बताया श्रीकृष्ण लीला महोत्सव समिति के 100 वर्षों के इतिहास में यह पहला अवसर है, जब लीला आरंभ से पूर्व चुनरी मनोरथ उत्सव, दुग्ध धार और दीपदान का आयोजन हुआ। 25 अक्तूबर से श्रीकृष्ण गोशाला, वाटर वर्क्स परिसर में शताब्दी वर्ष का श्रीकृष्ण लीला महोत्सव प्रारंभ होगा। इस दौरान मुख्य अतिथि विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, संरक्षक डॉ. विजय किशोर बंसल, डॉ. हरेंद्र गुप्ता, योगेंद्र सिंघल, पार्षद पूजा बंसल, शेखर गोयल, संजय गर्ग, अशोक गोयल, आदर्श नंदन गुप्त, ब्रजेश अग्रवाल, विष्णु अग्रवाल, मनोज बंसल, अनूप गोयल, विनीत सिंघल आदि उपस्थित रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




