ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश आगरारनवे दे दीजिए मंत्रीजी, उड़ान तो हम भर लेंगे

रनवे दे दीजिए मंत्रीजी, उड़ान तो हम भर लेंगे

आगरा। मंत्री जी, सिंगल विंडो सिस्टम को यथार्थ में लागू कर दीजिए। विभिन्न विभागों की अनुमति एक ही नोडल एजेंसी से दिला दीजिए। इंफ्रास्ट्रक्चर की खामी...

रनवे दे दीजिए मंत्रीजी, उड़ान तो हम भर लेंगे
हिन्दुस्तान टीम,आगराThu, 21 Oct 2021 08:45 PM
ऐप पर पढ़ें

आगरा। मंत्री जी, सिंगल विंडो सिस्टम को यथार्थ में लागू कर दीजिए। विभिन्न विभागों की अनुमति एक ही नोडल एजेंसी से दिला दीजिए। इंफ्रास्ट्रक्चर की खामी के कारण लगने वाले यातायात जाम को दूर करा दीजिए। जब रनवे तैयार मिल जाएगा तो उड़ान हम भर लेंगे। गुरुवार को आगरा फुटवियर मैन्यूफैक्चरर्स एक्सपोर्टर्स चैंबर एवं सीसीएलए द्वारा आयोजित उद्यम संवाद के दौरान यह बात आगरा के उद्यमियों ने प्रदेश के औद्योगिक विकास राज्य मंत्री धर्मवीर प्रजापति के समक्ष रखीं।

मंत्री ने आश्वस्त किया कि चुनाव आचार संहिता से पहले आगरा को ऐतिहासिक उपलब्धि मिलेगी। उन्होंने कहा कि आपसी समन्वय का अभाव नहीं होने दिया जाएगा। वे स्वयं उद्यमियों संग बात करेंगे। आधी बीमारी का इलाज उसी दिन हो जाएगा। उन्होंने सभी उद्यमियों से कहा कि वे अपनी व्यथा और मांगों का प्रस्ताव तैयार कर लें। जल्द ही सीएम से समय लेकर उनको रूबरू कराएंगे। इससे पहले लघु उद्योग निगम के उपाध्यक्ष राकेश गर्ग ने देश की प्राचीन औद्योगिक उपलब्धियों को रखा। उन्होंने कहा कि वर्तमान में भी उद्योग दुनिया भर में छा सकते हैं। लेकिन इसके लिए अफसरशाही में बदलाव लाना होगा। उद्योगों के प्रति संवेदनशीलता का भाव रखना होगा। जिस तरह चीन ने उद्योग में तरक्की की है। यहां के लोग भी करके दिखाएंगे। डॉ. रामबाबू हरित ने भी अफसरशाही के रवैये पर सवाल उठाया। कहा कि बेवजह उद्यमिता को कानूनी प्रक्रियाओं में उलझाया जाता है।

एफमेक अध्यक्ष पूरन डाबर ने उद्घाटन उद्बोधन में उद्योगों की परेशानी को रखा। कहा कि प्रदूषण सड़क बनने में होता है। उद्योगों को स्थापित नहीं होने दिया जाता। उन्होंने प्रदेश में महंगी बिजली पर चिंता जताई। 2016 में लगाए गए एड हॉक मोरेटिरियम पर सवाल उठाया। इस दौरान एमपीएस ग्रुप के एके सिंह ने भी अपनी बात रखी। संचालन डॉ. तरुण शर्मा ने किया। इससे पहले राज्य मंत्री का स्वागत किया गया। इस दौरान अजय शर्मा, विजय शर्मा, सनातन साहू, आरके शुक्ला, विजय निझावन, अजीत कलसी, जितेन्द्र त्रिलोकानी आदि रहे।

जल्द मिलेगा लेदर पार्क

राज्य मंत्री ने अपने उद्बोधन में कहा कि वे 280 एकड़ के जयपुर रोड स्थित लेदर पार्क प्रोजेक्ट को लेकर गंभीर हैं। इस मामले में उन्होंने विभागीय अधिकारियों से प्रभावी पैरवी को कहा है। इसकी राह में आ रही सारी दिक्कतों को दूर किया जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि चुनाव आचार संहिता से पहले लेदर पार्क का शिलान्यास हो जाएगा।

उद्यमियों ने रखे यह विषय

: सुप्रीम कोर्ट ने उद्योगों को कभी प्रतिबंधित नहीं किया। लेकिन संबंधित अधिकारियों ने अपने को बचाने को बेवजह मामला फंसा दिया। और उद्योगों को विलेन बना दिया। ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में रैंक तो अच्छी दिखाते हैं। लेकिन वास्तविकता अलग है।

पूरन डाबर, अध्यक्ष, एफमेक

जब तक अधिकारियों की सोच नहीं बदलेगी, औद्योगिक विकास की चाल को तेज नहीं किया जा सकता। आज भी अधिकारी उद्यमियों को दुहने की निगाह से देखते हैं। बिल्कुल ठीक होते हुए भी अपना काम करा पाना कठिन है। इसी वजह से नए उद्योग नहीं लग रहे।

उपेन्द्र सिंह लवली, अध्यक्ष, आगरा शू मैन्यूफैक्चरर्स एसोसिएशन

समन्वय और मानकों के अनुसार कार्य नहीं होता। हाल में दयालबाग में सड़क बनाई गई। उसके बनने के बाद फुटपाथ छह इंच नीचे हो गया। इस वजह से लोग गिरने लगे। सड़क बनने के अगले ही दिन एक दूसरे विभाग के लोग आए और अपने काम करने के लिए खोद दिया।

सुरेशचंद गर्ग, उद्यमी

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें