सोरों हाइवे पर यूपी-राजस्थान रोडवेज की दो बसें भिड़ीं, दो श्रद्धालुओं की मौत, 36 घायल
कोतवाली क्षेत्र में मथुरा-बरेली हाइवे पर कलेक्ट्रेट के निकट दो रोडवेज बसों की भिडंत हो गई। दुर्घटना में राजस्थान के दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई जबकि 36 श्रद्धालु घायल हुए हैं। सभी घायल जिला अस्पताल में भर्ती हैं।

कोतवाली क्षेत्र में मथुरा-बरेली हाइवे पर कलेक्ट्रेट के निकट दो रोडवेज बसों की भिडंत हो गई। दुर्घटना में राजस्थान के दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई जबकि 36 श्रद्धालु घायल हुए हैं। सभी घायलों को जिला अस्पताल लाया गया, जहां से आधा दर्जन घायलों को बेहतर उपचार के लिए भेज दिया है। डीएम, एसपी ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल-चाल जाना। हादसे की वजह भरतपुर डिपो की बस के चालक को नींद का झोंका आना बताया जा रहा है। घटनाक्रम के अनुसार सोरों की ओर से एटा डिपो की रोडवेज बस सवारियां कासगंज-एटा के लिए जा रही थी। जैसे ही बस हाइवे पर कासगंज कलेक्ट्रेट के समीप पहुंची, तभी सामने से भरतपुर डिपो की रोडवेज बस सामने से आ गईं। दोनों ही बसों की गति तेज थी, जब तक चालक बसों पर नियंत्रण कर पाते, दोनों बसें तेज आवाज के साथ आपस में टकरा गईं। दुर्घटना के बाद बसों में सवार यात्रियों में चीखपुकार मच गई। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस पहुंच गई। दुर्घटना से बसों के अगले हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए। पुलिस को बताया कि भरतपुर डिपो की बस में सवार अधिकांश यात्री गंगा स्नान के लिए सोरों आ रहे थे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। सभी को बसों से बाहर निकाला। दुर्घटना में भरतपुर के थाना बयाना के गांव फरसो गांव निवासी 80 वर्षीय गिर्राज पुत्र रामलाल, गांव सेवाकुरवारियां निवासी प्रीतम पुत्र प्यारे लाल की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि सपना, गीता, भजनलाल, प्रेमवती और चंद्रकला सहित 36 अन्य यात्री घायल हो गए। सभी को सोरों सीएचसी में भर्ती कराया। जहां से उन्हें जिला अस्पताल भेज दिया गया। जिला अस्पताल से भी कई घायलों को बेहतर उपचार के लिए अन्यत्र रेफर किया गया है। पुलिस ने घायलों व मृतकों के परिजनों को दुर्घटना की जानकारी दी। दोनों शव पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिए हैं.
डीएम, एसपी पहुंचे जिला अस्पताल
दुर्घटना की जानकारी मिलते ही डीएम प्रणय सिंह, एसपी ओमप्रकाश सिंह जिला अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने जिला अस्पताल में उपचार को आए दुर्घटना के घायलों का हाल-चाल जाना। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से भी बातचीत की और सभी घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, जिससे उन्हें जल्द स्वास्थ्य लाभ मिल सके।
भरतपुर डिपो बस चालक को आ गया था नींद का झोंका
रोडवेज बसों की भिडंत में भरतपुर डिपो के बस चालक की लापरवाही प्रारंभिक जांच में सामने आ रही है। पुलिस ने बस में सवार लोगों से भी बातचीत की है। सवारियों ने बताया है कि बस चालक को नीच का झोका आ गया था, जब तक चालक कुछ समझ पाता, तब तक सामने से एटा डिपो की बस आ गई और दोनों में भिडंत हो गई।
हाइवे पर प्रभावित हुआ वाहनों का आवागमन
कलेक्ट्रेट के बाहर हुई रोडवेज बसों की भिंडत के बाद यहां कुछ देर के लिए जाम लगने से आवागमन प्रभावित होने लगा। पुलिस ने मशक्कत कर दुर्घटनाग्रस्त दोनों रोडवेज बसों को अलग कर सड़क किनारे खड़ा कराया। इसके बाद ही वाहनों का आवागमन सुचारू हो सका।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


