सिविल सर्विसेज के ट्रायल्स में खिलाड़ियों ने किया प्रतिभाग
जिला स्तरीय सिविल सर्विसेज के लिए सोरों स्थित स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेलकूद के ट्रायल्स आयोजित किए गए। प्रतियोगिताओं में पुरुषों और महिलाओं ने विभिन्न खेलों में हिस्सा लिया। 15 अगस्त को होने वाली क्रास कंट्री दौड़ के लिए खिलाड़ियों को समय पर पहुंचने की अपील की गई है।

जनपद के सोरों स्थित स्पोर्ट्स स्टेडियम में जिला स्तरीय सिविल सर्विसेज के लिए विभिन्न खेलकूदों का ट्रायल्स हो रहा है। गुरुवार को भी स्टेडियम में विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताएं हुईं, जिनमें खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस दौरान पुरुष वर्ग में बैडमिंटन में एक, कुश्ती में एक, क्रिकेट में दो, कबड्डी में दो एवं खो खो में नौ, महिला वर्ग में खो खो में एक सहित कुल 16 अधिकारी, कर्मचारियों ने जिला स्तरीय सिविल सर्विसेज चयन में प्रतिभाग किया। इसके अलावा 15 अगस्त को होने वाली जिला स्तरीय ओपन पुरुष, महिला क्रास कंट्री दौड़ प्रतियोगिता के लिए प्रतिभागी खिलाड़ियों से समय से पहुंचने की अपील की गई है।
बताया गया है कि खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश एवं जिला प्रशासन के निर्देश पर स्वतंत्रता दिवस पर क्रास कन्ट्री दौड़ प्रतियोगिता सुबह छह बजे स्पोर्ट्स स्टेडियम फरीदनगर में होगी। विजेता व उपविजेता खिलाड़ियों को खेल निदेशालय के मानकानुसार पुरस्कार वितरित किए जाएंगे। प्रतियोगिता में शामिल होने वाले खिलाड़ियों के लिए आधार कार्ड साथ लाना अनिवार्य है।


