मैनपुरी में तीन दिन पूर्व दफनाया गया शव कब्र से निकालने की कोशिश
तीन दिन पूर्व कस्बा बेवर स्थित कब्रिस्तान में दफनाई गई नवविवाहिता के शव को कब्र खोदकर निकालने की कोशिश की गई। शुक्रवार को सुबह इसकी खबर लोगों को मिली तो हड़कंप मच गया। जानकारी मिलते ही एएसपी, एसडीएम...
मैनपुरी के करहल थाना क्षेत्र के ग्राम मीठेपुर में शनिवार की रात बारात की विदाई के दौरान बरातियों और गांव के लोगों में विवाद हो गया। गाली गलौज के दौरान मारपीट हुई और पथराव किया गया। इस पथराव में आधा दर्जन बाराती घायल हो गए। घटना की खबर पाकर पुलिस पहुंच गई। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बारात को विदा किया गया। घटना की तहरीर दी गई है।
ग्राम मीठेपुर निवासी समसुद्दीन की पुत्री यासमीन की बारात जसवंत नगर से शनिवार को आई थी। जसवंत नगर निवासी जाहिद पुत्र शहजादे बारात लेकर दोपहर में गांव आ गया। शादी की सारी रस्में कराई गई। निकाह होने के बाद रात 10 बजे के करीब बारात को विदा कर दिया गया। बारात गांव की जिस गली से निकल रही थी उसी गली में गांव के कुछ लोग चारपाई पर लेटे हुए थे। कार निकालने के लिए चालक ने उन्हें हटने के लिए कहा तो विवाद शुरू हो गया। गालीगलौज होने लगी। दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई।
छत से लोगों ने किया पथराव, छह घायल
आरोप है कि ग्रामीणों ने छत पर चढ़कर बारातियों के ऊपर पत्थरबाजी कर दी। जिसमें आधा दर्जन बाराती घायल हो गए। घटनास्थल पर भगदड़ मच गई। लोग भाग खड़े हुए। इसी बीच पुलिस घटना की जानकारी पाकर मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल पर डेरा जमा लिया। खबर पाकर एसओ करहल पुलिसबल लेकर रात में ही मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच रात 2 बजे के आसपास बारात को बिदा कराया। बारात लेकर बाराती जसवंतनगर चले गए। घायल बारातियों को भी अस्पताल ले जाया गया है।
उधर रविवार को तड़के चौकी पहुंचे दुल्हन यासमीन के पिता समसुद्दीन ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि ग्रामवासी अवनीश पुत्र पन्नालाल कठेरिया, राजपाल पुत्र नेत्रपाल कठेरिया कठेरिया, बिजय पुत्र सुन्नालाल कठेरिया, दिलीप पुत्र पन्नालाल कठेरिया, राजकिशोर पुत्र सुन्नालाल, सुन्नालाल पुत्र बनवारी लाल कठेरिया और उनके आधा दर्जन सहयोगियो ने बारात की विदाई रोकी और पथराव कर बारातियों को घायल कर दिया। तहरीर पर पुलिस मामला दर्ज करने की कार्रवाई कर रही है। दो आरोपियों को गिरफ्तार भी किया गया है। घटना को लेकर गांव में तनाव है। पुलिस मौके पर नजर रख रही है।
घटना की जानकारी है कल पुलिस मौके पर पहुंच गई थी जो भी तहरीर दी गई है उसके आधार पर मुकदमा दर्ज होगा आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
-परमानंद पांडेय सीओ करहल