
कमला नगर में गूंजे जय श्री राम के जयकारे
Agra News - नई पीढ़ी को सनातन धर्म और भारतीय संस्कृति के जीवन मूल्यों से परिचित कराने के लिए जनकपुरी में आमंत्रण यात्रा निकाली गई। 500 से अधिक छात्रों और एनसीसी कैडेट्स ने इस यात्रा में भाग लिया। यात्रा के दौरान...
नई पीढ़ी को सनातन धर्म के संस्कार देने और भारतीय संस्कृति के जीवन मूल्यों से परिचित कराने के उद्देश्य से शुक्रवार सुबह जनकपुरी आमंत्रण यात्रा निकाली गई। यह आयोजन श्री जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति और सरस्वती विद्या मंदिर कमला नगर की ओर से किया गया। स्कूल बैंड के साथ 500 से अधिक छात्र, स्काउट्स, एनसीसी कैडेट्स और आचार्य हाथों में तख्तियां व पोस्टर लेकर मिथिलावासियों को जनकपुरी का भावपूर्ण आमंत्रण दे रहे थे। यात्रा के दौरान जय श्रीराम के जयकारों की गूंज और प्रभु सियाराम के सुमधुर भजनों ने कमला नगर को राममय कर दिया। आमंत्रण यात्रा सरस्वती विद्या मंदिर से पैदल मार्च करते हुए शुरू हुई।

यह यात्रा कमला नगर का भ्रमण कर सद्भावना पार्क से होती हुई जनक मंच पहुंची। यहां बच्चों का पुष्प वर्षा से स्वागत किया गया और उन्हें फल आदि प्रदान किए गए। पदाधिकारियों ने कहा कि ‘राम का पाठ शीर्षक से रामलीला, जनकपुरी का इतिहास और संपूर्ण विवरण पाठ्यपुस्तकों में दर्ज होना चाहिए। इस संबंध में उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने आश्वासन दिया है कि सरकार से बात कर शीघ्र ठोस कदम उठाएंगे। संरक्षक सीए महेंद्र गर्ग, अध्यक्ष राकेश मंगल, प्रधानाचार्य कृष्णकांत द्विवेदी, मुरारी प्रसाद अग्रवाल, सीताराम अग्रवाल, भगवान अग्रवाल, विजय गोयल, अनिल अग्रवाल, हरिश्चंद्र अग्रवाल जुगनू, विश्वेंद्र सिंह, तुषार गर्ग, भूपेंद्र राघव, प्रवीण शर्मा, भरत महाजन और रैलेश अग्रवाल मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




