शादी में नहीं पहुंचा प्रिंस बैंड उपभोक्ता आयोग ने लगाया हर्जाना

Jan 08, 2026 08:29 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, आगरा
share

Agra News - प्रिंस बैंड द्वारा विवाह के लिए बुकिंग के बावजूद समय पर नहीं पहुंचने पर वादी ने जिला उपभोक्ता आयोग में मामला दायर किया। आयोग ने बैंड संचालक को 5,000 रुपये की अग्रिम राशि और मानसिक पीड़ा के लिए 25,000 रुपये का भुगतान करने का आदेश दिया। वादी को दूसरे बैंड के लिए अतिरिक्त खर्च करना पड़ा।

शादी में नहीं पहुंचा प्रिंस बैंड उपभोक्ता आयोग ने लगाया हर्जाना

बुकिंग कराने के बाद भी विवाह की निकासी और बरात चढ़ाने के दौरान प्रिंस बैंड नहीं पहुंचा। वादी को दूसरा बैंड कर बरात चढ़वानी पड़ी। आरोप था कि प्रिंस बैंड संचालक से वादी ने अपने 25 हजार रुपये मांगे तो उन्होंने वादी से दुर्व्यवहार और गाली-गलौज की थी। पीड़ित ने न्याय के लिए जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग प्रथम में मामला प्रस्तुत किया। आयोग के अध्यक्ष सर्वेश कुमार व सदस्य राजीव सिंह ने विपक्षीगण प्रिंस बैंड संचालक को आदेश दिया कि बुकिंग की अग्रिम धनराशि पांच हजार छह प्रतिशत वार्षिक ब्याज सहित अदा करें। साथ ही मानसिक पीड़ा एवं वाद व्यय के 25 हजार भी दें।

नगला बूढ़ी दयालबाग निवासी एडवोकेट प्रदीप कुमार ने आयोग में प्रिंस बैंड भोगीपुरा शाहगंज के संचालक धांदू उर्फ धानू उर्फ साबिर अली और बृजेश चौधरी के विरुद्ध वाद दायर किया। आरोप था कि विपक्षीगण संयुक्त रूप से प्रिंस बैंड का संचालन करते हैं। वादी का विवाह 28 नवंबर 2023 को होना था। उसने 11 जून 2023 को विपक्षी के प्रिंस बैंड को 25 हजार रुपये में बुक कराया तथा बतौर एडवांस पांच हजार रुपये का भुगतान किया। 28 नवंबर 23 की शाम निकासी के लिए विपक्षी ने प्रिंस बैंड नहीं भेजा। वादी ने बैंड स्वामी के मोबाइल पर फोन किया तो आश्वासन दिया कि अभी पहुंच रहा है, लेकिन बैंड नहीं आया। मजबूरी में वादी को निकासी के लिए 10 हजार रुपये देकर दूसरा बैंड का इंतजाम करना पड़ा। बरात चढ़ाई के समय भी विपक्षीगण ने प्रिंस बैंड नहीं भेजा। रात करीब 10:45 बजे वादी के पास विपक्षीगण पहुंचे और बोले कि वह प्रिंस बैंड के स्वामी हैं, उसे बकाया धनराशि 20 हजार रुपये दे दें। बैंड मलपुरा नहर पर खड़ा है 10 मिनट में आ जाएगा। वादी के भाई ने बकाया राशि दे दी, लेकिन बरात चढ़ाने के दौरान बैंड नहीं आया। उसे बरात चढ़ाने के लिए 35 हजार रुपये में नया छत्तर बैंड बुलाना पड़ा तब बरात चढ़ सकी।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।