
नाला बना रहे ठेकेदार पर 50 हजार रुपए जुर्माना
Agra News - यमुना पार स्थित टेढ़ी बगिया में नाला निर्माण के दौरान एक फर्नीचर शो रूम की दीवार गिर गई, जिससे कारोबारी को बड़ा नुकसान हुआ। एक कर्मचारी को बचा लिया गया। नगर आयुक्त ने ठेकेदार पर 50,000 रुपये का जुर्माना लगाया और पीड़ित कारोबारी को क्षतिपूर्ति का आदेश दिया।
यमुना पार स्थित टेढ़ी बगिया से कालिंदी विहार 100 फुटा रोड पर नाला निर्माण के दौरान फर्नीचर के शोरूम की दीवार गिरने से कारोबारी को बड़ा नुकसान हुआ था। हादसे से कुछ सेकंड पहले एक कर्मचारी को साथी ने खींच कर बचा लिया, अन्यथा उसकी जान चली जाती। इस मामले में नगर आयुक्त ने ठेकेदार पर पचास हजार रुपये का जुर्माना लगाने के आदेश दिए हैं। जांच के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी पाये जाने पर अवर अभियंता ने ठेकेदार पर जुर्माना लगाने की संस्तुति नगर आयुक्त से की थी। इस पर नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने ठेकेदार पर पचास हजार रुपये जुर्माना लगाने के आदेश दिए हैं।
साथ ही पीड़ित कारोबारी को आवश्यक क्षतिपूर्ति के भी आदेश दिए हैं। गौरतलब है कि टेढ़ी बगिया क्षेत्र में होने वाले जलभराव से लोगों को मुक्ति दिलाने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा कालिंदी विहार सौ फुटा रोड पर गहरे नाले का निर्माण कराया जा रहा है। रविवार को नाले के किनारे बने पवन बघेल के फर्नीचर के शो रूम की दीवार भरभराकर नाले में गिर गई थी। इससे उसे हजारों रुपए का नुकसान हुआ है। इससे पहले भी नाला खुदाई के चलते एक दुकान की दीवार गिर चुकी है। हाल में सड़क धंसने से एक ट्रक भी फंस गया था।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




