
लगन समारोह में युवकों ने लहराया तमंचा, एक हिरासत में
Agra News - शाहगंज के उमंग मैरिज होम में एक सगाई समारोह के दौरान हंगामा हुआ। दो युवक गाली-गलौज और मारपीट करने लगे, जिसमें एक युवक ने तमंचा निकालकर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और दूसरे की तलाश जारी है। पीड़ित परिवार ने सुरक्षा की मांग की है।
शाहगंज स्थित उमंग मैरिज होम में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक सगाई समारोह के दौरान दो युवक अचानक हंगामा करने लगे। आरोपित एक युवक को बेरहमी से पीटने लगा। बचाव को आए लोगों को अपने ओर आता देख एक आरोपित ने तमंचा निकाल लिया। जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। दूसरे आरोपित को लोगों ने दबोच कर पुलिस को सौंप दिया। पीड़ित जगदीश फोंटी ने पुलिस को बताया कि 8 दिसंबर को उमंग मैरिज होम में उनके पुत्र का सगाई समारोह का कार्यक्रम था। तभी पवन पुत्र अनिल निवासी नरीपुरा जगनेर रोड और उसका साथी समीर निवासी खेरिया मोड़ वहां पहुंच गए।
गाली-गलौज व मारपीट शुरू कर दी। मेहमानों द्वारा विरोध करने पर दोनों आरोपितों ने आकाश नामक युवक के साथ बेरहमी से मारपीट की। जब परिजनों ने बीच-बचाव किया तो आरोपियों ने उन्हें भी गालियां दीं और तमंचा लहरा कर गोली मारने की धमकी दी। समीर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना तुरंत 112 नंबर पर दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पवन को हिरासत में ले लिया। आरोपी जिस जुपिटर स्कूटर से आया था, उसे भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। पीड़ित परिवार ने अपनी जान-माल को खतरा बताया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर, मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और फरार आरोपी की तलाश जारी है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




