पौधों की देखभाल में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी
जनपद के प्रभारी एवं प्रदेश के वन मंत्री अनिल शर्मा ने रविवार को जिले के वन विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर वन कार्यों एवं आगामी पौधारोपण से संबंधित जानकारियां ली। गंगावन को लेकर भी दिशा...
जनपद के प्रभारी एवं प्रदेश के वन मंत्री अनिल शर्मा ने रविवार को जिले के वन विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर वन कार्यों एवं आगामी पौधारोपण से संबंधित जानकारियां ली। गंगावन को लेकर भी दिशा निर्देश दिये।
रविवार को जनपद के एक दिवसीय दौरे पर आए प्रभारी एवं वन मंत्री अनिल शर्मा से डीएम चन्द्रप्रकाश सिंह एवं एसपी सुशील घुले ने मुलाकात की। इसके उपरांत प्रभारी मंत्री ने दोपहर दो बजे शहर के नदरई गेट लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाऊस में वन विभाग के प्रभागीय वन अधिकारी दिवाकर कुमार वशिष्ठ एवं जिले के क्षेत्रीय वन रेंजरों की मीटिंग लेकर उन वन विभाग योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने विगत माह कराये गये 16 लाख पौधों के रोपण के बाद उनकी देखभाल संबंधी जानकारी ली और निरंतर पौधों की सिंचाई कराने के निर्देश दिये। गंगावन से जुड़ी सभी कार्य योजनाओं को लेकर भी दिशा निर्देश दिये हैं। उन्होंने कहा कि जो पौधे लगाये गये हैं, उनकी देखरेख में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए। रेंजर अपने अपने क्षेत्रों में पौधारोपण स्थलों का जायजा लेकर मौके की स्थिति देखते रहें। रोपे गये पौधे ही आगे वृक्ष बनेंगे। उन्होंने डीएफओ वशिष्ठ को भी वन विभाग के कार्यों में सक्त्रियता बरकरार रखने के निर्देश दिये हैं।
नागरिकता संशोधन के प्रति किया जागरूक :कासगंज। प्रभारी मंत्री अनिल शर्मा ने शहर की बारहद्वारी व आवास विकास कालोनी में जाकर लोगों को नागरिकता संशोधन कानून के बारे में लोगों को जागरूक किया। इस दौरान उनके साथ भाजपा के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद थे।
रविवार को प्रभारी मंत्री ने शहर के बारहद्वारी पहुंचकर बाजार में दुकानदारों को नागरिकता संशोधन कानून के संबंध में जानकारी देते हुए पत्रक वितरित किए। उन्होंने व्यापारियों से कहा कि नागरिकता कानून लोगों को नागरिकता देने का कानून है। इस कानून से किसी की नागरिकता नहीं जाएगी। लोग किसी के बहकावे में न आएं। उसके बाद प्रभारी मंत्री आवास विकास कालोनी भी गए और लोगों के घरों पर जाकर पत्रक वितरित किए। कालोनी के लोगों के साथ उन्होंने संवाद भी किया। प्रभारी मंत्री ने जिला कार्यालय पहुंचकर भाजपा के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से भी नागरिकता कानून के लिए जन जागरण अभियान चलाने के लिए कहा है। जन जागरण अभियान के दौरान उनके साथ भाजपा के जिलाध्यक्ष केपी सिंह, ज्ञान प्रकाश गुप्ता, महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष डा. मिथलेश वर्मा, नगर अध्यक्ष शरद गुप्ता आदि पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद थे।