ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश आगराजिला पंचायत अध्यक्ष के लिए भाजपा ने डा. मंजू भदौरिया पर खेला दांव

जिला पंचायत अध्यक्ष के लिए भाजपा ने डा. मंजू भदौरिया पर खेला दांव

आगरा। भारतीय जनता पार्टी में जिला पंचायत अध्यक्ष पद के प्रत्याशी के लिए चल रही अटकलों पर गुरुवार देर रात विराम लग गया। प्रदेश नेतृत्व ने पूर्व...

जिला पंचायत अध्यक्ष के लिए भाजपा ने डा. मंजू भदौरिया पर खेला दांव
हिन्दुस्तान टीम,आगराFri, 25 Jun 2021 04:21 AM
ऐप पर पढ़ें

आगरा। भारतीय जनता पार्टी में जिला पंचायत अध्यक्ष पद के प्रत्याशी के लिए चल रही अटकलों पर गुरुवार देर रात विराम लग गया। प्रदेश नेतृत्व ने पूर्व विधायक डा. राजेंद्र सिंह की पुत्रवधू को भाजपा का प्रत्याशी घोषित कर दिया। देर रात भाजपा के जिलाध्यक्ष गिर्राज कुशवाह ने भी आधिकारिक तौर पर पार्टी के फैसले का ऐलान किया। पार्टी के निर्णय से तीन अन्य प्रमुख दावेदारों को निराशा हाथ लगी है।

जिला पंचायत सदस्यों के चुनाव के बाद से ही भाजपा में जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी के लिए घमासान मचा हुआ था। कुर्सी के लिए घमासान की रूपरेखा उसी वक्त तय हो गई थी जब पार्टी ने सदस्य प्रत्याशियों के नाम की घोषणा की थी। पूर्व सांसद चौधरी बाबूलाल की पुत्रवधू की हार से एक दावेदार कम हो गया था लेकिन कुर्सी के लिए चार दावेदारों के बीच कड़ी टक्कर थी। इनमें प्रमुख रूप से पूर्व जिलाध्यक्ष श्याम भदौरिया की पत्नी पूजा भदौरिया, ब्रज क्षेत्र महिला मोर्चा की पूर्व अध्यक्ष बबिता चौहान का नाम आगे चल रहा था। उनके साथ ही जिला मंत्री सत्यदेव दुबे की पत्नी रजनेश दुबे भी टक्कर में थीं लेकिन अंत में बाजी मारी वार्ड 36 (शमसाबाद प्रथम) से जीतीं डा. मंजू भदौरिया ने।

डा. मंजू भदौरिया पूर्व विधायक डा. राजेंद्र सिंह की पुत्रवधू हैं। सुबह से प्रत्याशियों के नाम को लेकर चर्चा चल रही थीं। शाम करीब आठ बजे तक जिलाध्यक्ष गिर्राज कुशवाह के पास भी कोई जानकारी नहीं थी। देर रात करीब 10.30 बजे जिलाध्यक्ष को प्रदेश नेतृत्व से प्रत्याशी के नाम की जानकारी मिली और उन्होंने आधिकारिक तौर पर इसकी घोषणा कर दी।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें