बसंत पंचमी के दिन भक्तों ने खेली भगवान वराह के साथ होली
Agra News - तीर्थ नगरी सोरों में बसंत पंचमी महोत्सव की शुरुआत हो गई है। भक्तों ने वराह मंदिर में होली खेली, गीत गाए और भजन कीर्तन किया। बड़ी संख्या में भक्तों ने भगवान वराह के साथ रंग-गुलाल से होली मनाई। यह पर्व सामाजिक समरसता और भक्ति का संदेश देता है।

तीर्थ नगरी सोरों में बसंत पंचमी महोत्सव का शुभारंभ हो गया है। हरिपदी गंगा किनारे स्थित वराह मंदिर में भक्तों ने मां गंगा व वराह के साथ अवीर व गुलाल से होली खेली। महिलाओं ने वराह मंदिर प्रांगण में बसंत गीत गाकर व भजन कीर्तन भी किया। इस मौके पर मंदिर में बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। शुक्रवार की सुबह भगवान वराह के साथ होली खेलने के लिए बड़ी संख्या में भक्त एकत्र होना शुरू हो गए। बसंत पंचमी के दिन पंरपरागत तरीके से भक्तों ने अवीर गुलाल की होली खेलकर बंसत महोत्सव में भागीदारी की। भगवान वराह के मंदिर में सुबह विधि-विधान से पूजन किया गया।
मंदिर में इस दौरान माहौल भक्तमय नजर आया। बसंत महोत्सव की शुरुआत मंदिर सेवायत द्वारा भगवान वराह को गुलाल अर्पित कर की गई। वराह मंदिर के प्रांगण में भक्तों ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर बसंत पंचमी महोत्सव को हर्षोल्लास के साथ मनाया। इस दौरान पान एवं गन्ने के रस का प्रसाद भी भक्तों को वितरित किया गया। मंदिर सेवायत नरेश त्रिगुणायत ने बताया कि वराह मंदिर में बसंत पंचमी का पर्व विशेष महत्व रखता है। प्रत्येक वर्ष इस दिन भगवान वराह को पीले वस्त्र धारण कराए जाते हैं और विशेष भोग अर्पित किया जाता है। बसंत पंचमी के दिन भगवान को गुलाल अर्पित कर होली महोत्सव की शुरुआत की जाती है, जिससे ब्रज क्षेत्र और तीर्थ नगरी शूकर क्षेत्र में होली उत्सव का शुभारंभ माना जाता है। उन्होंने कहा कि यह परंपरा वर्षों से चली आ रही है, जिसमें महिलाएं, पुरुष और बच्चे बढ़-चढ़कर भाग लेते हैं और सामाजिक समरसता व भक्ति का संदेश देते हैं। इस मौके पर प्रमुख रूप से शंभू गोस्वामी, शिवम पुजारी, मुकेश निर्भय, राहुल निर्भय, योगेश तिवारी, विकास तिवारी, आकाश उपाध्याय, अतुल निर्भय, अनुपम मिश्र, सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


