ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश आगरादहेज की मांग पर सीकरी में बंधक बनाई बारात

दहेज की मांग पर सीकरी में बंधक बनाई बारात

-12 घंटे बाद पुलिस ने पहुंचकर मुक्त कराया, थाने पर कराई पंचायत

दहेज की मांग पर सीकरी में बंधक बनाई बारात
हिन्दुस्तान टीम,आगराMon, 19 Feb 2018 09:19 PM
ऐप पर पढ़ें

गांव चौमाशाहपुर में विदाई की रस्म के दौरान सोमवार की सुबह दहेज की मांग उठने पर माहौल गर्मा गया। दूल्हे पर दुल्हन की गर्दन दबाने का आरोप लगा। ग्रामीणों ने बारात को बंधक बना लिया। 12 घंटे तक बारात कैद में रही। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले गई। पुलिस ने साफ बोल दिया। दो रास्ते हैं। खुशी खुशी विदाई या जेल। तय कर लें। बहू विदा कराकर घर लौटना है या दहेज की मांग पर जेल जाना है। देर रात विदाई पर आपसी सहमति बन गई।

खान सूरजापुर (रूपवास, राजस्थान) निवासी गब्बर सिंह की बारात चौमा शाहपुर आई थी। सोनम से शादी हुई। सारी रस्में खुशी-खुशी संपन्न हुईं। सुबह विदाई के पहले देवपूजा के समय एकाएक माहौल बिगड़ गया। लड़की पक्ष ने आरोप लगाया कि दूल्हे ने दुल्हन की गर्दन दबा दी। उसकी हालत बिगड़ गई। इलाज के लिए अस्पताल ले जाना पड़ा। दूल्हा एक लाख रुपये और बुलट की मांग करने लगा। दुल्हन ने इसका विरोध किया था। दूल्हे के पिता ने इस बात का खंडन किया। उन्होंने पुलिस को बताया कि दहेज नहीं मांगा था। स्वामित्व वाले खेत बताने की बात को लेकर विवाद शुरू हुआ था। घरातियों ने उन्हें बंधक बना लिया।

सुबह से शाम तक पंचायत चलती रही मगर कोई नतीजा नहीं निकला। ग्रामीणों ने साफ बोल दिया कि बारात दुल्हन को लेकर नहीं गई तो जेल जाएगी। शाम के समय पुलिस को सूचना मिली। पुलिस ने पहुंचकर पहले बारातियों को मुक्त कराया। दूल्हा उसके पिता तथा दूसरे पक्ष से कुछ लोगों को थाने लाया गया। पुलिस ने अपनी मौजूदगी में पंचायत कराई। कभी बात बन जाती तो कभी फिर बिगड़ जाती। लड़की पक्ष यह आशंका जताता कि बेटी को विदाई के बाद परेशान किया तो वे क्या करेंगे। पुलिस बीच में पड़ी। साफ बोला आज फैसला थाने पर होगा। लड़की को शादी के बाद परेशान नहीं किया जाएगा। यह लिखित में लिया जाएगा। बाद में किया गया तो अच्छा नहीं होगा। इंस्पेक्टर फतेहपुरसीकरी ने बताया कि दोनों पक्षों में समझौता कराया गया। विदाई पर सहमति बन गई है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें