
आर्य महासम्मेलन में राष्ट्र और समाज निर्माण का होगा शंखनाद
Agra News - आर्य महासम्मेलन का आयोजन समाज में वैदिक संस्कार, शिक्षा और नैतिक मूल्यों को बढ़ावा देने के लिए किया जा रहा है। यह सम्मेलन 30 जनवरी से 1 फरवरी तक कमला नगर के जनक पार्क में होगा। मंत्री वीरेंद्र कनवर ने बताया कि विद्वान और प्रख्यात वैदिक आचार्य सम्मेलन में भाग लेंगे।
आर्य समाज की विचारधारा को जन-जन तक पहुँचाने और समाज में वैदिक संस्कार, शिक्षा तथा नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आर्य महासम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। शनिवार को जयपुर हाउस स्थित आर्य समाज मंदिर में हुई बैठक में सम्मेलन के पोस्टर का विमोचन आर्य केंद्रीय सभा के पदाधिकारियों ने किया। मनोज खुराना ने कहा कि वेदों में निहित सिद्धांत आज भी समाज को सही दिशा दिखाने में सक्षम हैं। नशामुक्ति, शिक्षा का प्रसार, नारी सम्मान और सामाजिक समरसता जैसे विषयों पर अखिल भारतीय आयोजनों की श्रृंखला के अंतर्गत कमला नगर स्थित जनक पार्क में तीन दिवसीय आर्य महासम्मेलन 30, 31 जनवरी और 1 फरवरी को आयोजित किया जाएगा।
इससे पहले 29 जनवरी को प्रातः 9 बजे शोभायात्रा निकाली जाएगी। मंत्री वीरेंद्र कनवर ने बताया कि सम्मेलन में हरिद्वार, दिल्ली, लखनऊ, एटा, बिजनौर सहित अन्य शहरों से विद्वान शामिल होंगे। कार्यक्रम संयोजक प्रदीप कुलश्रेष्ठ ने बताया कि शंका समाधान के लिए करीब एक दर्जन प्रख्यात वैदिक आचार्य सम्मेलन में मौजूद रहेंगे। वैदिक प्रवचन, भजन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से वातावरण आध्यात्मिक और प्रेरणादायक बनेगा। बैठक का संचालन आर्य अश्वनी ने किया। इस अवसर पर प्रेमा कनवर, सुमन कुलश्रेष्ठ, नमिता शर्मा, रितिका अरोरा, विकास आर्य, आर्य अश्वनी, अनुज आर्य, अरविंद मेहता, भारत भूषण सामा, प्रदीप डेम्बल, सुशील असीजा, अवनींद्र गुप्ता, वीरेंद्र खंडेलवाल, अश्वनी डेम्बल, रंगलाल गौतम, सुधीर अग्रवाल आदि मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




