
खेलकूद स्पर्धाओं में दम दिखाकर बच्चों ने जीते पदक
Agra News - जॉन मिल्टन जूनियर हाईस्कूल यूनिट-2 और 3 का वार्षिक खेलकूद दिवस उत्साह के साथ हुआ। मुख्य अतिथि आलोक कुमार अग्रवाल ने दीप प्रज्वलित कर खेलों का शुभारंभ किया। बच्चों ने विभिन्न खेल गतिविधियों में प्रतिभा का प्रदर्शन किया और विजेताओं को सम्मानित किया गया। खेलों ने अनुशासन और नेतृत्व क्षमता को भी विकसित किया।
जॉन मिल्टन जूनियर हाईस्कूल यूनिट-2 और 3 का वार्षिक खेलकूद दिवस शुक्रवार को उत्साह और जोश के साथ आयोजित हुआ। विद्यालय परिसर खेल भावना से सराबोर था। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने न केवल अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, बल्कि बेहतर अनुशासन, टीमवर्क और आत्मविश्वास का अद्भुत उदाहरण भी प्रस्तुत किया। खेलकूद दिवस का शुभारंभ मुख्य अतिथि आलोक कुमार अग्रवाल ने दीप प्रज्वलित कर व विद्यार्थियों को उत्साहवर्धक संदेश देने के साथ किया। मुख्य अतिथि का स्वागत विद्यालय के एमडी विनोद बंसल, विशाल बंसल, मोहित बंसल ने किया। समारोह में बच्चों ने लेमन रेस, बकेट रेस, बैलून रेस, फिटनेस मार्चपास्ट, योग प्रदर्शन, फ्लावर ड्रिल, रिबन ड्रिल, रिंग ड्रिल, सारी ड्रिल व विविध सामूहिक व्यायाम प्रदर्शन से सभी को तालियां बजाने पर मजबूर कर दिया।
मुख्य अतिथि आलोक कुमार अग्रवाल ने इस अवसर पर कहा कि खेल न केवल शरीर को शक्ति प्रदान करते हैं, बल्कि जीवन में अनुशासन, धैर्य, परिश्रम और नेतृत्व क्षमता को भी विकसित करते हैं। दिनभर चली विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विजेताओं को सम्मानित किया गया। शिल्पी बंसल, प्रिया बंसल, ममता दुबे, स्वीटी चौहान, पूनम मल्होत्रा, अल्पना भार्गव, अजय भार्गव, देवेंद्र सिंह चिल्लू, नीरज परिहार, सत्येंद्र कुमार, ललित यादव एवं पुन्या आदि मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




