
कार सवारों ने चालक को पीटा, एंबुलेंस में तोड़फोड़ का किया प्रयास
Agra News - शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहनपुरा में युवकों ने एंबुलेंस चालक के साथ मारपीट की। घटना तब हुई जब चालक ने जाम के कारण कार को साइड देने में देरी की। चार युवकों ने चालक पर हमला किया और एंबुलेंस में तोड़फोड़ करने का प्रयास किया। पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहनपुरा में कार को साइड देने में हुई देरी से गुस्साए सवार युवकों ने एंबुलेंस चालक से मारपीट कर दी। चीखपुकार पर आसपास के लोगों को जुटता देख कार लेकर सवार फरार हो गए। पीड़ित ने अज्ञात कार सवारों के विरुद्ध तहरीर दी है। शहर कोतवाली पुलिस को दी गई तहरीर में दिनेश कुमार निवासी जाहिदपुर धनसुलिया थाना मुजरिया बदायूं ने बताया है कि वह कासगंज जनपद में 108 एंबुलेंस पर चालक के रूप में तैनात है। शनिवार की सुबह वह क्षेत्र के मोहनपुरा पीएचसी पर एंबुलेंस लेकर खड़ा था, तभी उसे जानकारी मिली कि क्षेत्र के नगला पीली में 8 वर्षीय बच्चे को कुत्ते ने काट लिया है, जानकारी के बाद वह ईएमटी भगवत शरण के साथ एंबुलेंस लेकर गांव पीली के लिए चल दिया।
मोहनपुरा मटर मंडी के समीप पीछे से आ रही कार ने साइड मांगी, लेकिन जाम की वजह से साइड देने में देरी हो गई, इसके बाद कार उसकी एंबुलेंस के आगे लगा दी और कार से उतरे चार युवकों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। एंबुलेंस में भी तोड़फोड़ का प्रयास किया। चीखपुकार पर अन्य लोगों को जुटता देखकर आरोपी कार लेकर भाग गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले में अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




