ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश आगरानगर निगम से नहीं हटेंगी आंबेडकर प्रतिमाएं

नगर निगम से नहीं हटेंगी आंबेडकर प्रतिमाएं

नगर निगम के पार्क में लगी आंबेडकर की दोनों प्रतिमाओं को नहीं हटाया जाएगा। इस संबंध में नगर निगम की रिपोर्ट पर डीएम और एसएसपी ने अपनी आख्या संस्कृति निदेशक को भेज दी है। इस आख्या में कहा गया है कि यदि...

नगर निगम से नहीं हटेंगी आंबेडकर प्रतिमाएं
हिन्दुस्तान टीम,आगराMon, 21 May 2018 12:19 AM
ऐप पर पढ़ें

नगर निगम के पार्क में लगी आंबेडकर की दोनों प्रतिमाओं को नहीं हटाया जाएगा। इस संबंध में नगर निगम की रिपोर्ट पर डीएम और एसएसपी ने अपनी आख्या संस्कृति निदेशक को भेज दी है। इस आख्या में कहा गया है कि यदि नगर निगम बोर्ड द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय की मूर्ति स्थापित की जानी है तो वहां लगी प्रतिमाओं को हटाए बिना प्रस्ताव पारित करने पर ही मंजूरी दी जा सकती है।

भाजपा विधायक जगन प्रसाद गर्ग ने नगर निगम के पार्क में लगी दो आंबेडकर प्रतिमाओं में से एक को हटाकर अन्य स्थान पर लगवाने और उसके स्थान पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा लगवाए जाने के लिए मुख्यमंत्री को पत्र भेजा था। उनके पत्र के बाद शासन से नगर आयुक्त और डीएम से आख्या मांगी गई थी। आंबेडकर की प्रतिमा हटाए जाने को लेकर राजनीति भी शुरू हो गई थी। एक पक्ष का कहना था कि दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा लगनी चाहिए, जबकि एक पक्ष कह रहा था कि आंबेडकर प्रतिमा को हटाया जाना उचित नहीं है। भाजपा में भी इसको लेकर दो फाड़ हो गए थे।

नगर आयुक्त ने प्रशासन को भेजी रिपोर्ट में कहा कि पार्क में लगीं दोनों प्रतिमाएं ठीक स्थिति में हैं। एक को हटाकर उसके स्थान पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा लगाए जाने के संबंध में नगर निगम सदन या बोर्ड में कोई प्रस्ताव पारित नहीं हुआ है। यदि भविष्य में कोई प्रस्ताव प्राप्त होगा तो सदन और बोर्ड में आगे की कार्रवाई के लिए प्रेषित कर दिया जाएगा।

इस रिपोर्ट के आधार पर प्रशासन ने अपने स्तर से भी जांच कराई। उसके आधार पर डीएम और एसएसपी ने संस्कृति निदेशक को रिपोर्ट भेजी। इसमें कहा गया है कि पूर्व में लगाई गईं प्रतिमाओं को हटाया जाता है तो कानून व्यवस्था की स्थिति खराब हो सकती है। पूर्व में लगी प्रतिमाओं को 81 पार्षदों के सहयोग से लगाया गया था। उनके द्वारा और डॉ. आंबेडकर में आस्था रखने वाले समुदायों द्वारा भी विरोध किया जा सकता है। इस स्थिति में प्रतिमा को हटाया जाना उचित नहीं है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें