
मामूली विवाद में तमंचा लहराया, धमकी देने पर केस दर्ज
Agra News - सिकन्दरपुर वैश्य के म्याऊ गांव में जलभराव के विरोध करने पर नामजद आरोपियों ने पीड़ित को लाठी-डंडों और तमंचे से धमकाया। पीड़ित ने पुलिस में तहरीर देकर सभी आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। घटना का वीडियो भी उपलब्ध कराया गया है और पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
सिकंदरपुर वैश्य थाना क्षेत्र के म्याऊं गांव में सड़क पर पानी भरने का विरोध करना एक युवक को भारी पड़ गया। म्याऊं निवासी अरशद खां ने पुलिस को बताया कि गुरुवार शाम करीब सवा पांच बजे वह अपने फार्म से खेत की तरफ जा रहे थे। रास्ते में दुकानों के पास काफी पानी भरा हुआ था। जब उन्होंने इसका विरोध किया और कहा कि जलभराव की वजह से सड़क खराब हो रही है, तो वहां मौजूद कुछ लोग भड़क गए।
आरोप है कि इमरान, गुलफाम और फरहान नाम के लोग लाठी-डंडे और तमंचा लेकर आ गए। उन्होंने अरशद को गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी। वहां मौजूद अन्य लोगों के बीच-बचाव करने पर आरोपी धमकी देते हुए चले गए। अरशद ने समझदारी दिखाते हुए इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी बना लिया। बाद में वह थाने पहुंचे और पुलिस को लिखित शिकायत के साथ वीडियो सबूत भी सौंपा।
पुलिस ने अरशद की तहरीर और वीडियो के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई होगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




