बोगस फर्म बनाकर 19 करोड़ की जीएसटी चोरी
आगरा फर्जीवाड़े में एक बार फिर शीर्ष पर आ गया है। लोहामंडी थाने में एक नया मामला दर्ज हुआ है, जिसमें 19 करोड़ से अधिक की आईटीसी चोरी हुई। जांच में पता चला कि मनिका इंटरप्राइजेज नाम की बोगस फर्म के माध्यम से यह धोखाधड़ी की गई। इस मामले में आरोपियों की तलाश जारी है।

ताजनगरी फर्जीवाड़े में प्रदेश में टॉप पर पहुंचती जा रही है। नकली सामान के लिए चर्चित आगरा अब जीएसटी चोरी में भी प्रदेश में टॉप पर पहुंचता जा रहा है। लोहामंडी थाने में एक और मुकदमा दर्ज हुआ है। बोगस फर्म के जरिए 19 करोड़ से अधिक की आईटीसी चोरी की गई। मुकदमे के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। राज्य कर खंड तीन के उपायुक्त सतेंद्र कुमार सिंह ने मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस को बताया कि ट्रांस यमुना की फर्म मनिका इंटरप्राइजेज की जांच सितंबर 2023 में की गई थी। फर्म के पंजीकरण के लिए टोरंट का बिल लगाया गया था।
फर्म में आयरन स्टील का स्क्रैप, पेपर रद्दी की खरीद-बिक्री का काम होना दिखाया गया। किराएनामा भी दिया गया था। फर्म का पंजीकरण मनिका के नाम से कराया गया। जांच में पाया गया कि पंजीकरण में जो पता दर्शाया गया था उस पते पर कोई फर्म संचालित नहीं थी। मौके पर भवन मिला। भवन मालिक ने किसी को भवन किराए पर दिए जाने से इनकार किया। उन्हें फर्म के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। फर्म अस्तित्व में नहीं पाई गई। भवन स्वामी ने अपना शपथ पत्र दिया। दावा किया कि व्यापार स्थल पर कोई व्यापार नहीं होता है और न ही उधर कोई रहता है। पंजीकरण में लगाए गए दस्तावेज जांच में फर्जी निकले। इनवर्ड सप्लाई घोषित नहीं की गई। जबकि मालिक आईटीसी क्लेम कर रहे थे। आईटीसी का लाभ लेने के लिए सिर्फ बिल और ई-वेबिल का आदान-प्रदान किया गया। इस प्रकार आईटीसी ना होते हुए भी बोगस आईटीसी 11 फार्मों को पास ऑन की गई। इस तरह 19.39 करोड़ की राजस्व की क्षति पहुंचाई है। डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया कि इस तरह का यह पहला मामला नहीं है। कई मामले प्रकाश में आ चुके हैं। एक दर्जन से अधिक आरोपित गिरफ्तार करके जेल भेजे जा चुके हैं। इस मामले में भी आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। उनके खिलाफ भी साक्ष्यों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


