आईएसबीटी पर पांच महीने से खड़ी 38 इलेक्ट्रिक बसें, चार्जिंग स्टेशन अधूरा
Agra News - आगरा में यात्रियों की सुविधा और पर्यावरण संरक्षण के लिए खरीदी गई 38 इलेक्ट्रिक बसें 5 महीने से आईएसबीटी पर खड़ी हैं। चार्जिंग स्टेशन चालू न होने के कारण इनका संचालन नहीं हो पा रहा है। बारिश से बसों पर...

पर्यावरण संरक्षण और यात्रियों की सुविधा के लिए खरीदी गईं 38 इलेक्ट्रिक बसें 5 महीने से आईएसबीटी पर खड़ी हैं। 38 करोड़ रुपये की लागत से खरीदी गई इन बसों को चार्जिंग स्टेशन चालू न होने के कारण रूट पर नहीं उतारा जा सका। आधुनिक सुविधाओं से लैस इन बसों का लाभ न तो यात्रियों को मिला और न ही पर्यावरण को। इनके संचालन का समय अभी तय नहीं है। शासन ने फरवरी में आगरा को 38 इलेक्ट्रिक बसें दी थीं। क्षेत्रीय प्रबंधक की ओर से 100 बसों का प्रस्ताव भेजा गया था। प्रत्येक बस की कीमत करीब 1 करोड़ रुपये है।
बारिश में खड़ी बसों पर जंग लगनी शुरू हो गई है। कुछ बसों के दरवाजों को तोड़ने की भी कोशिश हुई है, जिससे उनमें दरारें आ गई हैं। आईएसबीटी स्थित आगरा फोर्ट बस डिपो में चार्जिंग स्टेशन बनाया जा रहा है। 8 चार्जिंग प्वाइंट तैयार हैं, लेकिन स्ट्रांग रूम और विद्युत उपकरण का काम अधूरा है। परिवहन विभाग की लापरवाही से इसे तैयार होने में कम से कम 1 महीना और लगेगा। इलेक्ट्रिक बसें एक बार चार्ज होने पर 200 किलोमीटर तक चलेंगी। इन्हें नोएडा वाया यमुना एक्सप्रेस-वे, मथुरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, बेवर और फर्रूखाबाद समेत आसपास के जिलों में चलाने की योजना है। बसें 2 से 3 घंटे में पूरी तरह चार्ज होंगी। सभी बसें 45 सीटर हैं और इनमें जीपीएस, सीसीटीवी कैमरे, आपातकालीन बटन और वातानुकूलन की सुविधा है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




