एक ही घर में फंदे से लटके मिले युवक-युवती के शव, प्रेम प्रसंग में सुसाइड की आशंका
आगरा के एत्मादपुर के रहनकलां गांव में युवती के घर से युवक-युवती के शव एक ही फंदे पर लटके मिले। युवक विवाहित था, जबकि युवती की जल्द शादी होने वाली थी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजे हैं। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। प्रेम प्रसंग समेत अन्य पहलुओं से जांच जारी है।

आगरा के एत्मादपुर थाना क्षेत्र के रहनकलां गांव में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक और युवती के शव युवती के घर के अंदर एक ही फंदे पर लटके मिले। घटना के समय युवती के परिवारीजन घर से बाहर गए हुए थे। युवक विवाहित था, जबकि युवती की भी जल्द शादी होने वाली थी। पुलिस प्रेम प्रसंग समेत अन्य पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार, 19 वर्षीय युवती के माता-पिता रविवार को अपने बेटे को दवा दिलाने फतेहाबाद गए थे। युवती घर पर अकेली थी। बताया गया कि इसी दौरान युवक उसके घर पहुंचा था। सोमवार सुबह दोनों के शव कमरे में फंदे से लटके मिले। जानकारी होते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई।
एक ही घर में लटके मिले शव
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस कमरे और घटनास्थल से मिले संभावित साक्ष्यों की जांच कर रही है। बताया गया कि युवक और युवती एक ही गांव और एक ही जाति के रहने वाले थे। युवती के पिता ने बताया कि उनके तीन बच्चे हैं और बेटी सबसे बड़ी थी। उन्होंने कहा कि बेटी के युवक से किसी तरह के संबंध की उन्हें जानकारी नहीं थी।
सवा साल पहले हुई थी युवक की शादी
युवक की शादी एक मई 2025 को राजस्थान के राजाखेड़ा क्षेत्र के छीतापुरा गांव की युवती से हुई थी। उसकी पत्नी करीब दो महीने से मायके में रह रही थी। युवक रैपिडो का काम करता था, जबकि उसका बड़ा भाई कुबेरपुर में कपड़ों की दुकान चलाता है।
ससुराल वालों ने किया हंगामा
युवक की मौत की सूचना पर उसके ससुरालीजन भी मौके पर पहुंच गए और हंगामा करने लगे। उन्होंने युवक की मौत के लिए उसके परिजनों को जिम्मेदार ठहराते हुए विवाद किया। पुलिस ने स्थिति संभाली।एसीपी एत्मादपुर देवेश सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी।


