आगरा मेट्रो का बढ़ेगा दायरा, ताजमहल से ISBT तक जल्द दौड़ेगी ट्रेन; 5 नए स्टेशन जुड़ेंगे

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

आगरा में मेट्रो के विस्तारीकरण को हरी झंडी मिल गई है। जल्द ही मेट्रो ताजमहल से आईएसबीटी तक दौड़ती नजर आएगी। वहीं, इस बीच पांच नए स्टेशन एसएन मेडिकल कॉलेज, आगरा कॉलेज, राजा की मंडी, आरबीएस कॉलेज और आईएसबीटी होंगे।

Agra Metro
आगरा मेट्रो

आगरा, प्रमुख संवाददाता। ताजनगरी आगरा में मेट्रो रेल की यात्री सुविधाओं के विस्तार को शासन की हरी झंडी मिल गई है। इसके बाद जल्द ही कई नए स्टेशनों तक मेट्रो में सफर किया जा सकेगा। इसमें कई कॉलेज और सरकारी अस्पताल जुड़ जाएंगे। ताजमहल से लेकर आईएसबीटी तक का सफर एयरकंडीशंड में करने का आनंद मिलेगा।

मेट्रो के प्रायर्टी कॉरिडोर में फिलहाल ताजमहल से मनकामेश्वर मंदिर स्टेशन तक यात्री सुविधाएं मिल रही हैं। इसी के दूसरे चरण में अब पांच और स्टेशनों तक सेवा का विस्तार किया जा रहा है, लेकिन इससे पहले सुरक्षा और यात्री सुविधाओं से जुड़े तमाम पहलुओं की जांच की जाती है। बीते दिनों सीएमआरएस और उनकी टीम ने मोटर ट्राली से मनकामेश्वर से आरबीएस कॉलेज स्टेशन के रैंप तक ट्रैक का निरीक्षण किया था।

इस दौरान बीच में पड़ने वाले एसएन मेडिकल कॉलेज, आगरा कॉलेज, राजा की मंडी, आरबीएस कॉलेज और आईएसबीटी शामिल थे। हर स्टेशन पर यात्री सुरक्षा, तकनीकी कक्षों, स्टेशन कंट्रोल रूम, एस्केलेटर, लिफ्ट, फायर अलार्म सिस्टम, प्लेटफार्म के ढांचे की जांच की गई। इसके बाद मेट्रो रेल सुरक्षा आयुक्त की अनुमति का इंतजार था। अब यह अनुमति मिल चुकी है। लिहाजा अब कार्पोरेशन विस्तार के लिए उद्घाटन की तैयारियों में हैं। अनुमति की कापी मंत्रालय भेज दी गई है।

ताजमहल से आईएसबीटी तक दौड़ेगी ट्रेन

प्रायर्टी कॉरिडोर के दूसरे चरण के उद्घाटन के बाद मेट्रो आईएसबीटी तक दौड़ेगी। यानी ताज पूर्वी गेट, शहीद कै. शुभम गुप्ता, फतेहाबाद रोड, ताजमहल, आगरा फोर्ट, मनकामेश्वर, एसएन मेडिकल, आगरा कॉलेज, राजामंडी स्टेशन, आरबीएस कॉलेज, आईएसबीटी स्टेशन तक सफर का आनंद लिया जा सकेगा। इसके बाद गुरु का ताल, सिकंदरा स्टेशन और जुड़ेंगे। काम तेजी से चल रहा है।

टक्कर जैसी स्थिति का किया गया परीक्षण

मेट्रो रेल सुरक्षा आयुक्त नीलाभ्र सेन गुप्ता ने बीते दिनों कंप्यूनिकेशन बेस्ड ट्रेन कंट्रोल (सीबीटीसी) और आटोमेटिक ट्रेन आपरेशन (एटीओ) का परीक्षण किया था। इसमें 80 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफतार से दो ट्रेन को एक ही ट्रैक पर आमने-सामने लाकर टक्कर जैसी स्थिति बनाई गई। देखा गया कि निर्धारित दूरी पर बिना आपरेटर के हस्तक्षेप से गाड़ियों में खुद ब्रेक लग गए। यानि यह परीक्षण सफल पाया गया।

स्पीड और ब्रेक टेस्ट में भी सफल रही मेट्रो

मनकामेश्वर से आईएसबीटी तक स्टेशन, ट्रैक, सिग्नलिंग, बिजली, टेलीकाम का भी परीक्षण किया गया। स्पीड और ब्रेक टेस्ट भी लिया गया। इस दौरान 10 से 15 बार ट्रेन को कॉरिडोर में दौड़ाया गया। सारे सिस्टम को कई बार परखा गया। अंतिम स्टेशन आईएसबीटी तक किए गए परीक्षण में सब-कुछ ठीक पाया गया। अब इसी कॉरिडोर में यात्री सेवाओं को शुरू करने की तैयारी है। सुरक्षा की एनओसी भी मिल चुकी है।

शुभारंभ के लिए पीएम मोदी से मांगा समय

नए स्टेशनों के बीच सेवाओं के शुभारंभ के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से समय मांगा जा रहा है। जल्द ही आगरा में पीएम की एक रैली भी प्रस्तावित है। इसमें वह संभवत: अंतर्राष्ट्रीय आलू अनुसंधान केंद्र का शुभारंभ करेंगे। माना जा रहा है कि इसी रैली में वह वर्चुअल रूप से मेट्रो को भी हरी झंडी दिखा सकते हैं। अथवा किसी स्टेशन पर जाकर शुभारंभ कर सकते हैं। मेट्रो प्रशासन को जल्द समय मिलने की उम्मीद है।

Pawan Kumar Sharma

लेखक के बारे में

Pawan Kumar Sharma

पवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP Newsआगरा मेट्रो का बढ़ेगा दायरा, ताजमहल से ISBT तक जल्द दौड़ेगी ट्रेन