एसी के इनडोर में लगी आग, भागकर बचा परिवार, आगरा में दिल्ली जैसा हादसा टला

Yogesh Yadav आगरा, मुख्य संवाददाता
share

आगरा में एक ज्वैलर्स के घर एसी (AC) ऑन करते ही इनडोर यूनिट में अचानक भीषण आग लग गई। चिंगारी उठते ही परिवार के सदस्य घर से बाहर भाग निकले, जिससे दिल्ली के विवेक विहार जैसा एक बड़ा हादसा होने से टल गया। 

एसी के इनडोर में लगी आग, भागकर बचा परिवार, आगरा में दिल्ली जैसा हादसा टला

आगरा में प्रेम नगर उखर्रा (सदर) में दिल्ली जैसा भीषण हादसा टल गया। एक ज्वैलर्स के घर रविवार की शाम एसी के इनडोर में आग लग गई। चिंगारी देख परिजन घर से बाहर भाग गए। देखते ही देखते आग ने भीषण रूप ले लिया। दो कमरे चपेट में आ गए। लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। घटना से इलाके में दहशत है। एसी चलाकर चैन से सोने वाले घबराए हुए हैं। आग का खतरा अब उन्हें डराने लगा है।

दिल्ली के विवेक विहार में एसी में आग ने नौ लोगों की जान ले ली थी। दिलदहला देने वाली इस घटना ने देश वासियों को हिला दिया था। आगरा में उखर्रा रोड के प्रेम नगर में शिवानी ज्वैलर्स के मालिक विनीत वर्मा का परिवार रहता है। वह दुकान पर थे। घर पर पत्नी निशा वर्मा और तीन बच्चे मौजूद थे। बेटी नताशा ने बताया कि जैसे ही एसी ऑन किया उसमें अचानक चिंगारी निकलने लगी। वे घबरा गए। इससे पहले कि कुछ करते आग लग गई। वे बुरी तरह घबरा गए। कमरे से बाहर की तरफ भागे। शोर मचाया।

Voice of UP

कोई मदद को आता इससे पहले आग ने भीषण रूप धारण कर लिया। पड़ोसियों ने सबमसर्बिल चलाकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। फायर ब्रिगेड को सूचना दी। आग एक कमरे से दूसरे कमरे तक आ गई। लपटों में टीवी, फ्रिज, पलंग, एलईडी, कपड़े आदि सामान जलकर राख हो गया। आग देख लोगों ने गैस सिलेंडर बाहर निकाल दिए थे। सूचना पर विनीत वर्मा दुकान से घर पहुंचे। चर्चा है कि कमरे में कैश भी रखा था, वह भी जल गया। कमरे में सिर्फ मंदिर सुरक्षित बचा, बाकी पूरा सामान जलकर राख हो गया। बताया जा रहा है कि हादसे में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।

24 से 26 डिग्री के बीच रखें एसी का तापमान

भीषण गर्मी पड़ रही है। पारा 44 के पार पहुंच गया है। गर्मी से बचने के लिए घर-घर में एसी लगे हुए हैं। एसी में आग की घटनाओं ने लोगों को डरा दिया है। हादसों से बचने के लिए विशेषज्ञों ने कई सुझाव दिए हैं। इन पर अमल जरूरी है।

-छह घंटे चलने के बाद एसी को कुछ देर बंद जरूर रखें।

-डेढ़ टन का एसी है तो वायरिंग कम से कम चार एमएम की होनी चाहिए।

-वोल्टेज फ्लक्चुएशन से बचने के लिए हमेशा अच्छा स्टेबलाइजर लगाएं।

-एसी कनेक्शन एमसीबी से जुड़ा होना चाहिए। ताकि एमसीवी तत्काल गिर जाए।

-जलने की दुर्गंध आने पर एसी चालू नहीं करें। पहले मिस्त्री को बुलाएं।

-एसी में आग प्लग जलने के कारण भी लग जाती है।

-हर पंद्रह दिन में एसी के फिल्टर साफ करें। गंदे फिल्टर से कंप्रेसर पर दबाव पड़ता है।

-एसी सॉकेट से अन्य कोई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण नहीं चलाएं।

-आउटडोर यूनिट कबाड़ के पास नहीं रखें। उसे खुले स्थान लगाएं। संभव हो तो उसे सीधी धूप से बचाएं।

-आउटडोर यूनिट के पास कोई ज्वलनशील पदार्थ नहीं रखें।

-एसी बार-बार ट्रिप हो तो उसे नहीं चलाएं। पहले जांच कराएं।

Yogesh Yadav

लेखक के बारे में

Yogesh Yadav

योगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।

पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।

बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।