यूपी के आंदोलित Gen-Alpha को इंस्पेक्टर ने हड़काया, सीजेपी के दीपके और सौरव का मिला साथ

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

यूपी के हमीरपुर में अपनी मांगों को लेकर कलक्ट्रेट पर धावा बोलने वाले Gen-Alpha यानी छोटे बच्चों को पुलिसिया रौब का भी सामना करना पड़ा। इसका वीडियो वायरल हो रहा है। वही, कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके और प्रवक्ता सौरव दास का भी बच्चों को साथ मिल गया है।

यूपी के हमीरपुर में स्कूल जाने वाली सड़क की बदहाली दूर करने जैसी मामूली सी समस्या को लेकर कलक्ट्रेट पहुंचे जेन-अल्फा यानी छठी से 12 तक के बच्चों को पुलिसिया रंगबाजी का सामना करना पड़ा। बच्चों को इस दौरान वहां मौजूद इंस्पेक्टर ने खूब हड़काया। इंस्पेक्टर के साथ मौजूद पुलिस वालों ने बच्चों को धकियाते हुए वहां से भगाने की कोशिश की। इस दौरान कुछ बच्चियों ने हिम्मत भी दिखाई और अपनी बातों को मुखर अंदाज में बयां किया। इंस्पेक्टर का बच्चों को इस तरह से धमकाते वीडियो सामने आया है। उधर, जंतर-मंतर पर आंदोलन से केंद्र की सरकार को भी झुका चुके कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके का साथ इन बच्चों को मिला है। अभिजीत ने बच्चों का वीडियो शेयर करते हुए इन्हें सैल्यूट किया है और इनका हौसला अफजाई करते हुए सरकार पर निशाना साधा है। प्रवक्ता सौरव दास ने भी बच्चों का वीडियो शेयर कर वेल डन लिखा है।

क्या है पूरा मामला

हमीरपुर में कुरारा ब्लॉक की ग्राम पंचायत चंदूपुर से जुड़े करीब आधा दर्जन डेरों को जोड़ने वाली सड़क की दुर्दशा पर मंगलवार को जेन अल्फा का गुस्सा फूट पड़ा। सड़क पर उतरे सैकड़ों स्कूली छात्र-छात्राएं नारेबाजी करते हुए कलक्ट्रेट पहुंचे और डीएम को अपनी बात सुनाने के लिए उनके दफ्तर में घुसने की कोशिश की। इस दौरान करीब चार घंटे तक कलक्ट्रेट में अफरातफरी मची रही। एडीएम और एसडीएम समेत कई अधिकारी मनाने पहुंचे पर बच्चे उनकी कुछ भी सुनने को तैयार नहीं थे। वह सड़क के लिए डीएम से बात करना चाहते थे। लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। वहां की हालत देखकर डीएम सहित कई अधिकारी रास्ता बदलकर निकल गए।

बच्चों के सामने भी पुलिस का मोर्चा

बच्चों को कलक्ट्रेट में से निकालने के लिए भी पुलिस को लगा दिया गया। पुलिस वालों ने अपने चिर-परिचित अंदाज में बच्चों से जुबानी बदसलूकी शुरू कर दी। वहां मौजूद इंस्पेक्टर जिनका नाम रामकुमार बताया जा रहा है, इस तरह से पेश आए जैसे ये बच्चे नहीं किसी राजनीतिक दल के कार्यकर्ता हों। बहुत हो गया, चल हट हट... इस तरह के शब्दों से बच्चों को वहां से भगाने की कोशिश शुरू कर दी।

ज्यादातर बच्चे भागने लगे, बच्चियों ने दिखाई हिम्मत

ज्यादातर बच्चे तो पुलिसिया खौफ से भागने लगे लेकिन कुछ बच्चियों ने हिम्मत दिखाई और अपनी बात रखने की कोशिश की। इस पर इंस्पेक्टर के साथ मौजूद पुलिस वालों ने उन्हें धकियाते हुए बाहर करने लगे। इस पर भी दो बच्चियों ने हिम्मत दिखाते हुए जमीन पर बैठ गई और कहा कि हम नहीं जाएंगे। हमारी मांगें पूरी कर दो, हमारी सड़क बनवा दो हम चले जाएंगे। इंस्पेक्टर और पुलिस वालों का यह इस तरह बच्चों को धमकाने का वीडियो सोशल मीडिया पर आया तो लोगों ने पुलिस के साथ सरकार को भी खूब सुनाना शुरू कर दिया।

अभिजीत दीपके का बच्चों को सैल्यूट

वहीं, स्कूल जाने के लिए बदहाल सड़क को ठीक कराने की मांग करने वाले बच्चों को सीजेपी के अभिजीत दीपके ने सैल्यूट किया है। दीपके ने बच्चों का इस तरह से कलक्ट्रेट पर धावा बोलने का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर शेयर करते हुए लिखा कि अपने भविष्य के लिए संघर्ष कर रहे इन बच्चों को सैल्यूट। दीपके ने कहा कि वे सिर्फ अपने स्कूल तक जाने के लिए एक सड़क की मांग कर रहे हैं।

पूछा कि क्या आजादी के 80 साल बाद इतनी सी मांग बहुत ज्यादा है? यह काम तो दशकों पहले हो जाना चाहिए था। आगे दीपके ने लिखा कि आइए इस 15 अगस्त संकल्प लें कि ग्रामीण भारत के बच्चों और उनके स्कूलों के लिए काम करेंगे।

वहीं, सीजेपी के प्रवक्ता सौरव दास ने एक्स पर लिखा कि वेल डन जेन-अल्फा। हम यही चाहते थे। हर किसी को अपने भविष्य के लिए जिम्मेदारी लेनी ही होगी। शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना हमारी मौलिक अधिकार है। इसे सभी को मिलकर करना चाहिए। कहा कि अधिकारियों और जनसेवकों के सामने हाथ जोड़ना बहुत हुआ। बहुत हुई उदासीनता। बहुत हुआ भ्रष्टाचार। अब सत्ताधारी वर्ग के जवाब देने का समय आ गया है। आप जवाब दीजिए, वरना बाहर निकलिए।

Yogesh Yadav

लेखक के बारे में

Yogesh Yadav

योगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।

पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।

बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, UP News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP Newsयूपी के आंदोलित Gen-Alpha को इंस्पेक्टर ने हड़काया, अभिजीत दीपके का मिला साथ