उम्मीद है भगोड़े साबित नहीं होंगे; अब राजभर ने अखिलेश को जहूराबाद से चुनाव लड़ने की चुनौती दी
सुभासपा अध्यक्ष और मंत्री ओपी राजभर ने अखिलेश यादव को अयोध्या या जहूराबाद से चुनाव लड़ने की चुनौती दी। उन्होंने अखिलेश को भगोड़ा न साबित होने की नसीहत देते हुए कांग्रेस नेताओं के विवाद पर बोलने को कहा। राजभर ने दावा किया कि 2027 के चुनाव में अखिलेश और उनके सहयोगियों का अहंकार खत्म हो जाएगा।

सुभासपा अध्यक्ष और योगी सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने सोमवार को एक बार फिर सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। अयोध्या या जहूराबाद से चुनाव लड़ने की चुनौती देते हुए उन्होंने कहा कि, उम्मीद है कि आप (अखिलेश) भगोड़े साबित नहीं होंगे। एक्स पोस्ट में राजभर ने कहा कि ललकार कर भाग जाने वाले को 'भगोड़ा' कहा जाता है। अयोध्या और जहूराबाद दोनों ही आपको पुकार रहे हैं। अखिलेश पर बढ़-चढ़कर बड़ी - बड़ी बातें करने का तंज कसते हुए राजभर ने कहा कि जिस मुद्दे पर बोलना होता है, उसपर कुछ क्यों नहीं बोलते हैं।
उन्होंने कहा कि अगर कुछ बोलना ही है तो कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और महिला नेता के बीच हुए बवाल पर बोलिए। कहिए कि इमरान मसूद के गिरेबान पर हाथ लगाना ठीक नहीं था। आपको कहना चाहिए कि प्रमोद तिवारी का हाथ जोड़कर माफी मांगना सही सही था या नहीं। गाली - गलौच ठीक थी या नहीं। राजभर ने 2027 के विधानसभा चुनाव के प्रति आगाह करते हुए कहा कि 2027 में आपका और आपके दोस्तों का बड़बोलापन और अहंकार दोनों मटियामेट हो जाएंगे।
योगी- अखिलेश ने एक-दूसरे को दिया चैलेंज
आपको बता दें सबसे पहले सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सीएम योगी को अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती दी थी। जिसके बाद बलरामपुर में एक रैली को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी ने अखिलेश को अयोध्या से चुनाव लड़ने का ऑफर दिया था। और कहा था कि चेलों से क्या लड़ना, आमने-सामने लड़ाई होनी चाहिए। आप भी नामांकन करिए, मैं भी करूंगा। जिसके बाद से इस मुद्दे पर सियासी चर्चा तेज हो गई है।
ओवैसी का अखिलेश-योगी को चैलेंज
इस बीच एआईएमआईएम के चीफ असदुद्दीन ओवैसी भी चैलेंज के खेल में कूद गए हैं। उन्होने आजमगढ़ में रैली को संबोधित करते हुए योगी आदित्यनाथ को संभल और अखिलेश यादव को गोरखपुर से चुनाव लड़ने की चुनौती दी है। और अब इसमें एनडीए के सहयोगी कैबिनेट मंत्री और सुभासपा चीफ भी कूद गए हैं।
उम्मीद है भगोड़ा साबित नहीं होंगे- राजभर
उन्होने एक्स पर ट्वीट करते हुए कहा कि इतिहास गवाह है कि ललकार कर भाग जाने वाले को भगोड़ा कहते हैं। उम्मीद है कि अखिलेश भगोड़ा साबित नहीं होंगे। राजभर ने अयोध्या और जहूराबाद का जिक्र करते हुए उन्हें चुनौती दी। राजभर ने कहा कि अखिलेश बड़े-बड़े दावे करने के बजाय जरूरी मुद्दों पर बोलें।

