राम मंदिर के बाद काशी विश्वनाथ से सोना गायब! प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जांच शुरू
वाराणसी के अति प्रतिष्ठित काशी विश्वनाथ मंदिर से अब सोना गायब होने का आरोप लगा है। मामला पीएमओ भी पहुंचा और वहां से मामले की गंभीरता देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है। मुख्यमंत्री कार्यालय के निर्देश पर मंदिर प्रशासन भी जांच में जुट गया है।

वाराणसी, विशेष संवाददाता। अयोध्या के राम मंदिर से दान और सोना-चांदी के आभूषण चोरी के मामले की एसआईटी जांच के बीच ही वाराणसी के काशी विश्वनाथ मंदिर से सोना गायब होने का मामला प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) पहुंचा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पीएमओ ने इसकी जांच शुरू करा दी है। पीएमओ से शिकायतकर्ता अधिवक्ता नित्यानंद राय का फोन पर बयान लिया गया है। मुख्यमंत्री कार्यालय के निर्देश पर मंदिर प्रशासन ने भी आंतरिक जांच शुरू कर दी है। नित्यानंद ने ही मंदिर के शिखर पर कई स्थानों से सोना गायब होने का आरोप लगाया था। कहा था कि वहां से सोना नोचा जा रहा है।
वाराणसी के तेलियाबाग निवासी अधिवक्ता नित्यानंद राय ने बीत 29 सितम्बर को मंडलायुक्त के साथ प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री कार्यालय में पत्र भेजकर शिकायत की थी कि मंदिर के उत्तरी द्वार के ठीक ऊपर दो स्थानों से स्वर्ण कलश गायब है। इसकी जानकारी मंदिर प्रशासन से मांगी गई तो कोई जवाब नहीं दिया गया। मंदिर की वेबसाइट पर भी शिखर से सोना हटने की जानकारी दर्शायी नहीं गई। अधिवक्ता ने लिखा है कि चूंकि पहले मंदिर से सोना-चांदी चोरी की घटना हो चुकी है, इसलिए स्वर्ण शिखर से गायब सोने की स्थिति जानना अत्यंत आवश्यक है।
अधिवक्ता ने बताया कि स्वर्ण शिखर के दूसरे हिस्सों के छोटे-छोटे पैच से भी सोना गायब है। शिखर के कुछ हिस्सों पर लगी सोने की परत हिल रही है। उसके तेज हवा आदि अन्य गतिविधि होने से गिरने की आशंका है। इसलिए पूरे प्रकरण की जांच कर समुचित कार्रवाई होनी चाहिए।
मंदिर प्रशासन श्वेत पत्र जारी करे
अधिवक्ता ने मांग की है कि विश्वनाथ मंदिर प्रशासन धाम के अंदर जहां भी सोना और चांदी लगाई गई है, उसपर एक विस्तृत श्वेतपत्र जारी करे। इसकी जानकारी मंदिर की वेबसाइट पर भी उपलब्ध करानी चाहिए।
आईआईटी मद्रास मरम्मत कराएगा
काशी विश्वनाथ मंदिर प्रशासन ने बताया कि मंदिर के उत्तरी गेट के ऊपर लगा एक स्वर्ण कलश विगत दिनों बंदरों की उछल-कूद के दौरान गिर गया था। उसे भंडारगृह में सुरक्षित रखा गया है। बिना तकनीकी परीक्षण कराए कलश को दोबारा लगाना वैज्ञानिक दृष्टि से उचित नहीं है। इसके लिए आईआईटी मद्रास से सम्पर्क किया गया है। वहां की टीम प्राथमिक सर्वे कर चुकी है। बताया कि आईआईटी ने पूरे स्वर्ण शिखर की मरम्मत की संस्तुति की है।
इस बारे में मंडलायुक्त एस राजलिंगम ने बताया कि पिछले दिनों किसी घटना में सोने का एक कलश गिर गया था, जिसे विश्वनाथ धाम में सुरक्षित रखा गया है। पुनर्स्थापना के लिए आईआईटी मद्रास से सर्वे कराया गया है। उनकी मदद से जल्द ही फिर से कलश स्थापित कराया जाएगा।

