यूपी: चार्ज लेते ही SP शक्ति मोहन के ऐक्शन से मचा हड़कंप, एक थानेदार सस्पेंड; दूसरे पर बिठाई जांच
मूलत: लखनऊ के रहने वाले शक्ति मोहन अवस्थी 2019 बैच के IPS हैं। वह रांची बीआईटी से सिविल इंजीनियरिंग में बी-टेक किए है। आईपीएस में चयन के पहले उनका आईआरएस में सलेक्शन हुआ था। आईपीएस में चयन और प्रोवेशन पीरियड के बाद आजमगढ़ और मुरादाबाद में बतौर एएसपी अपनी सेवा दे चुके हैं।

उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले में 31 मार्च को चार्ज लेने के बाद से एसपी शक्ति मोहन अवस्थी ऐक्शन मोड में आ गए हैं। उनकी कार्रवाईयों से महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। जिले कानून व्यवस्था को लेकर एसपी शक्ति मोहन अवस्थी ने सख्त रुख दिखाया है। घटना की समय से सूचना नहीं देने और तथ्यों के छिपाने के आरोप में एसपी ने मंगलवार को ठूठीबारी थानाध्यक्ष नवनीत नागर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। वहीं निरीक्षण के दौरान खामियां मिलने पर श्यामदेउरवा थानाध्यक्ष के खिलाफ भी प्रारंभिक जांच के आदेश दिए हैं।
पुलिस कार्यालय के मीडिया सेल के मुताबिक ठूठीबारी थानाध्यक्ष नवनीत नागर पर आरोप है कि उन्होंने क्षेत्र में हुई घटना की सूचना उच्चाधिकारियों को समय पर नहीं दी। इतना ही नहीं प्राथमिक जांच में यह भी सामने आया कि उन्होंने घटना से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्यों को छिपाने का प्रयास किया। दायित्व निर्वहन में लापरवाही बरती। एसपी ने इसे अनुशासनहीनता की श्रेणी में मानते हुए थानाध्यक्ष नवनीत नागर को निलंबित कर दिया।
श्यामदेउरवा थाना का भी किया मुआयना
एसपी ने सोमवार देर रात थाना श्यामदेउरवा का औचक निरीक्षण किया था। इस दौरान उन्होंने महिला हेल्प डेस्क, साइबर डेस्क व थाना कार्यालय के अभिलेखों का मुआयना किया। निरीक्षण में कमियां पाई गईं। साफ-सफाई के लिए एसपी ने थानाध्यक्ष को निर्देश देते हुए निरीक्षण में मिली कमियों के चलते प्रारंभिक जांच का आदेश दिया। एसपी पहली बार श्यामदेउरवा थाना पहुंचे थे।
2019 बैच के आईपीएस हैं शक्ति मोहन अवस्थी
मूलत: लखनऊ के रहने वाले शक्ति मोहन अवस्थी 2019 बैच के आईपीएस हैं। वह रांची बीआईटी से सिविल इंजीनियरिंग में बी-टेक किए है। आईपीएस में चयन के पहले उनका आईआरएस में सलेक्शन हुआ था। आईपीएस में चयन व प्रोवेशन पीरियड के बाद आजमगढ़ व मुरादाबाद में बतौर एएसपी अपनी सेवा दे चुके हैं। आजमगढ़ में उन्होंने पुलिस लाइब्रेरी जैसे नवाचार किए थे। गौतमबुद्धनगर में डीसीपी क्राइम सेंट्रल नोएडा पद पर अपनी सेवा दे चुके हैं। पत्नी आईएएस अधिकारी हैं। वह 2021 में यूपीएससी में 42वां रैंक हासिल की थीं। डीसीपी रहते हुए वह जांच के जरिए 40 हजार करोड़ के जीएसटी घोटाले का पर्दाफाश कर चुके हैं। नोएडा में तैनाती के दौरान वह वाहन चोरों के गैंग का पर्दाफाश कर चुके हैं।
ऐक्शन पर क्या बोले एसपी
एसपी शक्ति मोहन अवस्थी ने कहा कि दायित्व निर्वहन में लापरवाही पर ठूठीबारी थानाध्यक्ष नवनीत नागर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। श्यामदेउरवा थाने में निरीक्षण के दौरान कुछ कमियां मिलने पर थानाध्यक्ष के खिलाफ प्रारंभिक जांच का आदेश दिया गया है। जनता की शिकायतों के निस्तारण में ढिलाई व घटनाओं को छिपाना कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रत्येक पुलिस कर्मी का उत्तरदायित्व है कि वह पारदर्शिता के साथ कार्य करे। थाना परिसर में स्वच्छता का पूरा ख्याल रखें। लापरवाही मिलने पर जवाबदेही तय की जाएगी।
लेखक के बारे में
Ajay Singhअजय कुमार सिंह पिछले आठ वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पूर्वांचल के बड़े हिस्से से खबरों का कोआर्डिनेशन देख रहे हैं। वह हिन्दुस्तान ग्रुप से 2010 से जुड़े हैं। पत्रकारिता में 27 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले अजय ने टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। हिन्दुस्तान से पहले वह ईटीवी, इंडिया न्यूज और दैनिक जागरण के लिए अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। अजय राजनीति, क्राइम, सेहत, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़ी खबरों को गहराई से कवर करते हैं। बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट अजय फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में असिस्टेंट एडिटर हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति और क्राइम की खबरों पर विशेष फोकस रखते हैं।
और पढ़ें

