
यूपी के एक्सप्रेसवे पर स्पीड घटाने के बाद अब गाड़ियों पर लगेंगे रिफ्लेक्टर, हादसा रोकने को लेकर फैसला
यूपी के एक्सप्रेसवे पर स्पीड घटाने के बाद अब गाड़ियों पर रिफ्लेक्टर लगेंगे।परिवहन विभाग से इसके लिए मदद ली जाएगी। यूपीडा ने इसके लिए सभी एक्सप्रेसवे के प्रमुख स्थानों को बिंदुवार चिह्नित करते हुए परिवहन विभाग को सूची भेज दी है।
उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवेज औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) ने कोहरे के चलते एक्सप्रेसवे पर होने वाली घटनाओं को रोकने के लिए गतिसीमा तय करने के बाद अब वाहनों में सुरक्षात्मक रिफ्लेक्टर लगवाने का फैसला किया है। परिवहन विभाग से इसके लिए मदद ली जाएगी। यूपीडा ने इसके लिए सभी एक्सप्रेसवे के प्रमुख स्थानों को बिंदुवार चिह्नित करते हुए परिवहन विभाग को सूची भेज दी है।
यूपीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी दीपक कुमार ने इस संबंध में आदेश जारी किया है। यूपीडा के चार एक्सप्रेसवे आगरा-लखनऊ, पूर्वांचल, बुंदेलखंड व गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के प्रवेश व निकास के सभी बिंदुओं की सूची तैयार की है। इन बिंदुओं पर कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने को कहा गया है, जिससे दुर्घटना रोकने में मदद मिल सके। मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने कहा है कि बैठक में किए गए विचार-विमर्श में यह तय किया गया है कि एक्सप्रेसवे पर प्रवेश करने वाले सभी वाहनों पर सुरक्षात्मक संकेतक लगाए जाएं।
प्रदेश में घना कोहरा और भारी धुंध होने से रात्रि के समय एक्सप्रेसवे पर दृश्यता कम हो जा रही है। इससे एक्सप्रेसवे सहित अन्य राष्ट्रीय मार्गों पर वाहन दुर्घटनाओं की संख्या में वृद्धि हो रही है। इसको ध्यान में रखते हुए सभी एक्सप्रेसवे पर यात्रियों की सुरक्षा के लिए व्यापक प्रबंध करने की जरूरत है। मुख्य कार्यपालक अधिकारी द्वारा परिवहन विभाग को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि एक्सप्रेसवे के विभिन्न जिलों में पड़ने वाले प्रवेश बिंदुओं पर विभागीय अधिकारियों के माध्यम से अभियान चलाकर संबंधित व्यवस्थाएं कराई जाए।
यूपीडा मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने पुलिस महानिदेशक को भी इस संबंध में पत्र भेजा है। इसमें कहा गया है कि एक्सप्रेसवे पर कोहरे के चलते होने वाली घटनाओं को रोकने के लिए यात्रियों की सुरक्षा के लिए व्यापक प्रबंध करने की जरूरत है। इसीलिए प्रत्येक आधे घंटे या उचित समय पर पर्याप्त संख्या में वाहनों को एकत्रित कर स्कार्ट करते हुए समूह के साथ आगे बढ़ाने में मदद की जाए। इसके लिए मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार किया जाना है। यूपीडा की ओर से सड़क सुरक्षा के लिए राजेश कुमार पांडेय नोडल अधिकारी सुरक्षा से समन्वय किया जाएगा।

लेखक के बारे में
Deep Pandeyदीप नरायन पांडेय लाइव हिन्दुस्तान में पिछले आठ सालों से यूपी टीम में हैं। दीप का डिजिटल, टीवी और प्रिंट जर्नलिज्म में 15 साल से अधिक का अनुभव है। यूपी के लखनऊ और वाराणसी समेत कई जिलों में पत्रकारिता कर चुके हैं। यूपी की राजनीति के साथ क्राइम की खबरों पर अच्छी पकड़ है। सामाजिक, इंफ्रास्ट्रक्चर, पर्यटन, शिक्षा और हेल्थ पर भी लिखने का शौक है। मास कम्युनिकेशन में बीए और एमए हैं। सरल भाषा में खबरों को पाठकों तक पहुंचाते हैं। खबर लिखने के अलावा साहित्य पढ़ने-लिखने में भी रुचि रखते हैं।
और पढ़ें



