
प्रतापगढ़ के बाद चंदौली में ताबड़तोड़ फायरिंग कर हत्या, जिम संचालक का चेहरा किया छलनी
संक्षेप: चंदौली में एक जिम संचालक को ताबड़तोड़ फायरिंग कर मौत के घाट उतार दिया गया है। उसके चेहरे को गोलियों से छलनी कर दिया गया है। कनपटी पर चार से पांच गोलियां मारी गई हैं। वारदात के पीछे जमीन खरीद फरोख्त के कमीशन का विवाद बताया जा रहा है।
यूपी में प्रतापगढ़ के बाद चंदौली में ताबड़तोड़ फायरिंग की गई है। जिम संचालक को गोलियों से छलनी कर दिया गया। उसकी कनपटी और चेहरे पर ही चार गोलियां लगी हैं। कुल आधा दर्जन गोलियां मारकर उसे मौत के घाट उतार दिया गया। घटना अलीनगर थाना क्षेत्र के डिहवा गांव में हुई। ताबड़तोड़ गोलीबारी कर युवक की हत्या की खबर मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। स्थानीय पुलिस के साथ ही अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और लोगों से पूछताछ कर पूरे मामले की जानकारी की। बताया जाता है कि जमीन खरीद फरोख्त के कमीशन को लेकर वारदात को अंजाम दिया गया है।

अलीनगर थाना क्षेत्र के डिहवा गांव निवासी लगभग 35 वर्षीय अरविंद उर्फ बिंदु यादव प्लाटिंग का काम करता था। इसके साथ ही जिम संचालक भी था। सोमवार की देर रात करीब सवा 11 बजे उसके घर पहुंचे बदमाशों ने आवज देकर बाहर बुलाया। इसके बाद अरविंद पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। उसके सिर और कनपटी पर ही चार से पांच गोलियां मारी गई। उसके लहूलुहान होकर गिरते ही हमलावर फरार हो गए। गोली की आवाज सुनकर बाहर आए परिजनों ने देखा कि अरविंद जमीन पर गिर था। परिजन आनन-फानन उसे लेकर ट्रामा सेंटर गए। जहां उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी होते ही एएसपी भी मौके पर पहुंचे।
पिता को धमकी, थार पर भी चलाई गोलियां
बदमाशों ने केवल जिम संचालक अरविंद को गोली नहीं मारी। जिम संचालक के पिता को धमकी देने के साथ थार गाड़ी पर पथराव के साथ कई राउंड गोली भी चलाई। अरविंद के छोटे भाई की तहरीर पर पुलिस आठ लोगों पर नामजद और तीन अज्ञात पर मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मुकदमा दर्जकर आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। पुलिस कुछ लोगों को हिरासत में लेकर भी पूछताछ कर रही है।
रामचंद्र यादव के तीन बेटों में 37 वर्षीय अरविंद उर्फ बिंदू यादव, दीपक यादव और राजू यादव हैं। रामचंद्र यादव का बड़ा बेटा अरविंद जमीन खरीद फरोख्त का काम कर रहा था। बताया जाता है कि सिकटिया में पांच साल पहले हुई हत्या में जेल गए श्याम सिंह यादव उर्फ कल्लू यादव का कटरिया हाइवे पर स्थित होटल भी अरविंद चलाता था। जेल से छूटने के बाद कल्लू यादव होटल और जमीन खरीद फरोख्त का हिसाब अरविंद से मांग रहे थे। इसी को लेकर विवाद हो रहा था।
आरोप है कि इसी से नाराज श्याम सिंह यादव उर्फ कल्लू चार पांच बाइकों से अपने साथियों को लेकर देर रात अरविंद यादव के घर डिहिया पहुंचा। जहां अरविंद के बारे में पूछा। वहां नहीं मिलने पर गाली गलौच देते हुए धरना गांव स्थित जिम पर पहुंचा। आरोपियों के गाली गलौच देने की जानकारी परिजन अरविंद यादव को दे चुके थे। जिम पहुंचे हमलावरों ने थार गाड़ी पर जमकर पथराव कर क्षतिग्रस्त कर दिया। इसी दौरान अरविंद के पिता ने पहुंचकर मामले को समझाने बुझाने का प्रयास किया। लेकिन हमलावर शांत नहीं हुए। अरविंद यादव के पहुंचते ही उसके ऊपर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
इनके खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज
पुलिस ने मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के सिकटिया गांव निवासी श्याम सिंह यादव उर्फ कल्लू, ब्रिजेश यादव, काजू यादव, राजू यादव, बाबा यादव उर्फ राम अवध यादव उर्फ घूरे, पंकज यादव, रोहित यादव, ओम प्रकाश यादव सहित तीन अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्जकर अगली कार्रवाई में जुटी है। सीओ कृष्ण मुरारी शर्मा ने बताया आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्जकर लिया गया। एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इसमें क्राइम ब्रांच, सर्विलांस सहित कई टीमें खुलासा करने में लगी है।
हत्यारोपितों पर 25-25 हजार इनाम घोषित
पुलिस ने मंगलवार की शाम छह हत्यारोपितों पर 25-25 हजार का इनाम घोषित कर दिया। अलीनगर थाना क्षेत्र के डहिया गांव निवासी अरविन्द यादव उर्फ बिन्दू यादव की हत्या करने वाले आरोपियों की तलाश पुलिस सरगर्मी से कर रही है। इसी क्रम में शामिल नामजद श्याम सिंह यादव उर्फ कल्लू, ब्रिजेश यादव सहित छह अभियुक्तों पर एसपी के निर्देश पर 25-25 हजार का इनाम घोषित किया गया है।

लेखक के बारे में
Yogesh Yadavयोगेश यादव हिन्दुस्तान में डिप्टी न्यूज एडिटर के पद पर हैं।
और पढ़ें



