इश्क में खुदकुशी या कुछ और? प्रेमिका के बाद प्रेमी की भी मौत, एक-दूसरे के पैर बांधकर जले थे दोनों

वा्र्ता, फिरोजाबाद
Follow us on Google News
share

फिरोजाबाद में प्रेमी युगल द्वारा एक-दूसरे के पैर बांधकर शरीर पर डीजल छिड़ककर आग लगाने के मामले में युवक की भी मौत हो गई। इससे पहले युवती की मौत हो चुकी थी। मृतक युवक की मां ने हॉरर किलिंग का आरोप लगाया है।

इश्क में खुदकुशी या कुछ और? प्रेमिका के बाद प्रेमी की भी मौत, एक-दूसरे के पैर बांधकर जले थे दोनों

UP News: यूपी के फिरोजाबाद से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां शिकोहाबाद क्षेत्र में प्रेमी युगल द्वारा एक-दूसरे के पैर बांधकर शरीर पर डीजल छिड़ककर आग लगाने के मामले में उपचार के दौरान युवक की भी मौत हो गई। इससे पहले युवती की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने मृतक युवक की मां की तहरीर पर युवती के परिजनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि शिकोहाबाद के मोहल्ला पड़ाव गढ़िया स्थित एक खाली मकान में शुक्रवार की रात 19 साल के अरुण और 18 साल की खुशी गंभीर रूप से झुलसी अवस्था में मिले थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़कर दोनों को बाहर निकाला और उपचार के लिए सरकारी ट्रॉमा सेंटर भेजा। मौके से डीजल की एक केन भी बरामद की गई थी। बताया गया कि दोनों के पैर आपस में बंधे हुए थे। उपचार के दौरान खुशी की शनिवार को मौत हो गई थी। जबकि गंभीर रूप से झुलसे अरुण को बेहतर इलाज के लिए आगरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सोमवार देर रात अरुण ने भी दम तोड़ दिया। मंगलवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।

युवक की मां ने लगाया हॉरर किलिंग का आरोप

पुलिस के अनुसार दोनों के बीच प्रेम संबंध थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि घटना के समय खुशी की मां अपने मायके गई हुई थी और युवती अकेले शिकोहाबाद आई थी। इस बीच मामले से जुड़ा एक ऑडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसकी जांच की जा रही है। वहीं, अरुण की मां ने युवती खुशी के मामा आशीष और अवनीश शर्मा और उसकी मां ममता शर्मा के खिलाफ थाने में तहरीर देकर हॉरर किलिंग की आशंका जताई है। उनका आरोप है कि उनके बेटे और युवती को प्रताड़ित किया गया, जिसके चलते यह घटना हुई।

पांच बहनों में इकलौता भाई था अरुण

वहीं, थाना प्रभारी का कहना है कि मृतक युवक की मां की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। बत दें अरुण पांच बहनों का इकलौता भाई था। उसकी मौत के बाद परिवार में शोक की लहर है, जबकि क्षेत्र में भी इस घटना को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है। पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा।

Pawan Kumar Sharma

लेखक के बारे में

Pawan Kumar Sharma

पवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।