शादी रचाकर गेस्ट हाउस में प्रेमी- प्रेमिका ने लगाई फांसी; सुसाइड नोट में क्या लिखा?
लखनऊ के चिनहट में देवा रोड स्थित रेड बिल्डिंग गेस्ट हाउस के कमरे में हरदोई के प्रेमी युगल अमित (22) और नरगिस (19) के शव फंदे पर लटके मिले। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर दोनों के मोबाइल जब्त कर लिए। पुलिस को मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन मौत की वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी।

लखनऊ में चिनहट के देवा रोड स्थित धावा के रेड बिल्डिंग गेस्ट हाउस के एक कमरे ब्याह रचा चुके हरदोई के गैर समुदाय के प्रेमी युगल का शव फंदे पर लटका मिला है। चिनहट पुलिस ने दोनों के शव फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजे। हरदोई पुलिस के साथ परिजनों को सूचना दी। दोनों के मोबाइल जब्त कर लिए गए हैं। चिनहट इंस्पेक्टर दिनेश चंद्र मिश्रा का कहना है कि परिजनों के आने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही फंदे पर लटके शवों की गुत्थी सुलझेगी।
गेस्ट हाउस में लटके मिले दोनों शव
चिनहट के धावा मोड़ पर रेड बिल्डिंग गेस्ट हाउस का संचालन राकेश यादव करते हैं। राकेश ने बुधवार देर शाम चिनहट पुलिस को घटना की जानकारी दी। गेस्ट हाउस पहुंची पुलिस टीम ने वीडियोग्राफी करते हुए कमरा खोला। पुलिस ने कमरे में पंखे के कुंडे से दुपट्टे के सहारे फंदे पर लटके मिले। इंस्पेक्टर ने बताया कि युवक-युवती की शिनाख्त हरदोई हरपालपुर अरवलपुर का अमित (22) व पलिया पंचशाला की नरगिस (19) के रूप में हुई है। पड़ताल में यह बात सामने आ रही है कि प्रेमी युगल ने खुदकुशी की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत की सही वजह पता चल सकेगी।
दोनों 23 अगस्त से ठहरे थे
इंस्पेक्टर ने बताया कि गेस्ट हाउस मालिक राकेश ने पूछताछ में बताया है कि अमित कुमार और नरगिस 23 अगस्त से गेस्ट हाउस के कमरा नंबर 101 में रुके हुए थे। मौके पर सुसाइड नोट मिला है, जिसमें लिखा है कि उन दोनों ने 21 अगस्त को लखनऊ में आर्य समाज मंदिर में ब्याह रचा लिया है। विभूतिखंड एसीपी सौम्या पांडेय ने बताया कि नरगिस के पिता ने हरदोई के हरपालपुर थाने में अमित के खिलाफ बेटी को भगा ले जाने का मुकदमा दर्ज कराया था।
वीडियो कॉल पर बात करते हुए फांसी लगाई
वहीं दुबग्गा इलाके में मंगलवार शाम को इलेक्ट्रॉनिक व्यापारी अमरीश गुप्ता के बेटे निखिल गुप्ता (22) ने प्रेमिका से वीडियो कॉल पर बात करते हुए फांसी लगा ली। पोस्टमार्टम गृह पर बुधवार को पहुंचे मृतक के मामा ने पुलिस से प्रेमिका से पूछताछ की मांग की है। दुबग्गा के मोहन विहार कॉलोनी निवासी अमरीश के बेटे निखिल ने मंगलवार को घर में पंखे पर फंदा लगा लिया था। परिजनों ने निखिल को फंदे से उतारा और एरा अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। दुबग्गा पुलिस ने निखिल का शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया था। निखिल के मामा अतुल गुप्ता ने बताया कि भांजे का एक युवती से प्रेम प्रसंग था। दोनों के बीच घंटों मोबाइल पर बातचीत होती थी। कुछ दिन से निखिल काफी परेशान था।
कमरे में लटका मिला शव
मंगलवार शाम पांच बजे भांजे के भाई विशाल के पास निखिल के दोस्त की कॉल आई थी। उसने विशाल से कमरे में जाकर निखिल को देखने को कहा। विशाल जब पहुंचा तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंचने पर विशाल को निखिल फंदे से लटका देखा। उसे अस्पताल ले गए। डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। मामा के मुताबिक पता चला कि मंगलवार शाम निखिल अपनी प्रेमिका से वीडियो कॉल पर बात कर रहा था। फिर वीडियो कॉल के दौरान ही निखिल ने दूसरे मोबाइल से अपने दोस्त को कॉल कर सुसाइड की बात कहते हुए परिजनों को जानकारी देने की बात कही थी। आरोप है कि उसने प्रेमिका से वीडियो कॉल पर बात करते हुए फांसी लगा ली। निखिल के परिवार में पिता अमरीश, मां ममता और भाई हैं। दुबग्गा इंस्पेक्टर श्रीकांत राय ने बताया कि परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर जांच की जाएगी।

