छह फेरे लेने के बाद दुल्हन फेंकने लगी सामान, पंडित पर लगाए आरोप, फिर पुलिस ने करवाया सातवां फेरा

Feb 28, 2026 07:40 pm ISTDinesh Rathour औरैया
share Share
Follow Us on

यूपी के औरैया में उस समय हंगामा हो गया जब एक दुल्हन ने छह फेरे लेने के बाद सातवां फेरे लेने से मना कर दिया। दुल्हन ने पंडित पर उल्टा फेरे लेने का आरोप लगाया। इसके बाद पुलिस बुलाई गई। तब जाकर दुल्हन ने सातवां फेरा लिया।

छह फेरे लेने के बाद दुल्हन फेंकने लगी सामान, पंडित पर लगाए आरोप, फिर पुलिस ने करवाया सातवां फेरा

Dulha-Dulhan News: यूपी के औरैया में आयोजित सामूहिक विवाह में पहले ही वैवाहिक बंधन में बंध चुके दूल्हा-दुल्हन की घर पर दोबारा हो रही शादी हंगामे में बदल गई। दुल्हन ने पंडित पर उल्टे फेरे कराने का आरोप लगा सामान फेंकना शुरू कर दिया। छह फेरे हो चुके थे। दुल्हन ने सातवां फेरा लेने से मना कर दिया। हंगामा इतना बढ़ा कि दूल्हे ने दुल्हन का मानसिक संतुलन ठीक न होने की बात कहकर शादी से इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस को मौके पर बुलाना पड़ा। करीब दो घंटे तक चले तनाव के बाद पुलिस की मौजूदगी में सातवां फेरा पूरा कराया गया, तब जाकर दुल्हन की विदाई हो सकी।

घटनाक्रम दिबियापुर कस्बे के संजय नगर का है। फफूंद थाना क्षेत्र के काजीपुर गांव निवासी पंकज का विवाह दिबियापुर निवासी सुनील कुमार की बेटी ईशा के साथ 11 दिसंबर को ककोर स्थित जिला मुख्यालय में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत संपन्न हुआ था। उस समय सभी वैवाहिक रस्में पूरी होने के बाद दोनों अपने-अपने घर लौट गए थे। परिजनों और रिश्तेदारों के लिए पारंपरिक रीति-रिवाज से फेरों की रस्म और प्रीतिभोज का आयोजन 27 फरवरी को संजय नगर में रखा गया।

शादी समारोह में मची अफरा-तफरी

शुक्रवार रात प्रीतिभोज और जयमाल कार्यक्रम शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। शनिवार सुबह अग्नि के समक्ष फेरे शुरू हुए। छह फेरे पूरे होते ही दुल्हन अचानक भड़क उठी। दुल्हन ने आरोप लगाया कि पंडित जी उल्टी दिशा में फेरे करा रहे हैं। उसने सातवां फेरा लेने से भी मना कर दिया और गुस्से में कुछ सामान भी फेंक दिया। इससे शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई। माहौल तनावपूर्ण हो गया और दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

दूल्हा बोला-दुल्हन की मानसिक हालत ठीक नहीं

दूल्हे ने दुल्हन के आरोपों को नकारते हुए उसे मानसिक रूप से अस्थिर बताया और शादी से इनकार कर दिया। परिजनों ने काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बनी। सूचना मिलने पर दिबियापुर कोतवाली से पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। करीब दो घंटे तक चली बातचीत और समझाइश के बाद दोनों पक्ष किसी तरह राजी हुए। अंततः सुबह करीब नौ बजे पुलिस की मौजूदगी में सातवां फेरा पूरा कराया गया। फेरे पूरे होते ही दुल्हन की विदाई कर दी गई। थाना प्रभारी रुद्र प्रताप नारायण त्रिपाठी ने बताया कि मामला आपसी सहमति से सुलझ गया।

बिना शादी के वापस हुई बारात, दो दिन बाद हुए फेरे

वहीं दूसरी ओर सिद्धार्थनगर में बाराती और घराती में कहासुनी व मारपीट होने से बारात शादी कराए बिना वापस चली गई थी। बताया जा रहा है कि जयमाल के दौरान बारातियों और घरातियों में कुछ कहासुनी हो गई थी। विवाद इतना बढ़ गया था कि मामला मारपीट तक बढ़ गया था। इस घटना में दोनों पक्षों के लोग चोटिल हो गए थे। लड़की के परिवार वाले बारातियों को बहुत समझाने-बुझाने की कोशिश की थी लेकिन बरातियों ने बिना शादी कराए वापस जाने का फैसला लेते हुए वापस लौट गए थे। इसके बाद दोनों पक्षों में बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ जो सार्थक नतीजे तक पहुंच गया। आपसी सुलह-समझौते के बाद बारात दोबारा शुक्रवार को दिन में आई। धार्मिक रीति रिवाज से शादी की सारी प्रकियां पूरी करने बाद शाम को दुल्हन की विदाई हो गई।

Dinesh Rathour

लेखक के बारे में

Dinesh Rathour

दिनेश राठौर लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पिछले आठ सालों से काम कर रहे हैं। वह लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर हैं। कानपुर यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन किया है। पत्रकारिता में 13 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले दिनेश की डिजिटल मीडिया और प्रिंट जर्नलिज्म में अलग पहचान है। इससे पहले लंबे समय तक प्रिंट में डेस्क पर भी काम किया है। कुछ सालों तक ब्यूरो में भी रहे हैं। यूपी और राजस्थान के सीकर जिले में भी पत्रकारिता कर चुके हैं। यूपी की राजनीति के साथ सोशल, क्राइम की खबरों को सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाते हैं। वायरल वीडियो की फैक्ट चेकिंग में दिनेश को महारत हासिल है।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करे| पाएं Lucknow news , Prayagraj News , Varanasi News , Gorakhpur News , Kanpur News , Aligarh News से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में |